

हावड़ा : कार्तिक कृष्ण अमावस्या के पावन अवसर पर डबसन, हावड़ा स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का निर्वाण महोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विशेष धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भगवान को निर्वाण लाडू समर्पित किया गया।
सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने भगवान का अभिषेक, शांतिधारा और विधि-विधान से पूजन कर निर्वाण लाडू अर्पित किया। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
जैन मान्यताओं के अनुसार, इसी पावन दिन भगवान महावीर स्वामी ने 26 मुनियों के साथ पावापुरी स्थित निर्वाण क्षेत्र के पद्म सरोवर से मोक्ष प्राप्त किया था। इसी दिन संध्या बेला में भगवान महावीर के प्रमुख गणधर गौतम स्वामी को केवलज्ञान की प्राप्ति हुई थी। इसी अवसर से जैन नववर्ष का शुभारंभ भी माना जाता है।
कार्यक्रम में सुभाष पांड्या, डूंगरमल गंगवाल, सुरेश गंगवाल, प्रकाश पहाड़िया, भागचंद गंगवाल, पंकज बगड़ा, राजेश बगड़ा, भागचंद बडजात्या, भानु प्रकाश काशलीवाल, सुरेंद्र जैन, विनीत जैन, बसंत सेठी, विनोद गंगवाल, अविनाश लुहाड़िया, नितेश जैन, नीरज जैन, राजेश अजमेरा और अमित जैन सहित समाज के अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।