

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बंगाल के कई ग्रामीण क्षेत्र बाढ़ से प्रभावित हैं। पश्चिम मिदनापुर में स्थिति चिंता जनक है। यहां दो लोगों की मौत हो गयी। सबंग में करीब 3200 घर बाढ़ की चपेट में आ गये हैं। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को हेलिकॉप्टर से सबंग, भगवानपुर और पटाशपुर के अलग-अलग इलाकों का मुआयना किया। बाढ़ के कारण मारे गये दो लोगों के परिवारों को नौ-नौ लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की। जिनके घर प्रभावित हुए है, ऐसे परिवारों को 30-30 हजार रुपये की सहायता देने की भी घोषणा हुई। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा, इलाके के लोग कह रहे थे कि ज्योति बसु 1986 में यहां आए थे। उसके बाद, यह पहली बार है जब कोई मुख्यमंत्री यहां आया है। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि क्या किया जा सकता है, पिछले मुख्यमंत्रियों ने गांव के लोगों को इंसान नहीं समझा।
गाँव के लोगों के साथ मेरा गहरा और आत्मीय संबंध
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि गाँव के लोगों के साथ मेरा गहरा और आत्मीय संबंध है। मेरा जुड़ाव गाँव की मिट्टी और वहाँ के लोगों से है। मैं अपनी शुरुआत गाँव से करता हूँ और अंत भी गाँव में ही होता है। गाँव मेरी जड़ों, मेरी सोच और मेरे जीवन का आधार है। उल्लेखनीय है कि शुभेंदु अधिकारी हमेशा से ही मिट्टी से जुड़े रहे हैं। ऐसे में जब ग्रामीणों ने उन्हें अपने बीच पाया तो उनका मनोबल और ज्यादा बढ़ा।
प्रभावित लोगों को नाम हो कोई परेशानी : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रभावित लोगों को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने सबंग समेत बाढ़ प्रभावित इलाकों के विधायकों से बात की। बाढ़ प्रभावित लोगों को राशन - पानी देने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने डीएम, एसपी, पीएचई विभाग के अधिकारियों को अहम निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य के स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री राजेश महतो को पश्चिम मिदनापुर जिले में बाढ़ के हालात पर नजर रखने का काम सौंपा।