

सन्मार्ग संवाददाता
खड़गपुर : राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम मिदनापुर जिले में बाढ़ से प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे किया। बाढ़ के कारण मारे गये दो लोगों के परिवारों को नौ-नौ लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की। गुरुवार दोपहर को वे सबंग पहुंचे और हेलिकॉप्टर से सबंग, भगवानपुर और पटाशपुर के अलग-अलग इलाकों का मुआयना किया। उन्होंने कहा, ‘‘बाढ़ के कारण पश्चिम मेदिनीपुर में दो लोगों की मौत हुई है। उनके परिवारों को नौ-नौ लाख रुपये का मुआवजा दिया जायेगा। सबंग प्रखंड में कुल 3,200 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं और इन प्रभावित परिवारों को 30-30 हजार रुपये की सहायता दी जायेगी।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि केलेघाई नदी का जलस्तर अब खतरे के निशान से नीचे है और राहत एवं बचाव अभियान जारी है। मुख्यमंत्री ने सबंग समेत बाढ़ प्रभावित इलाकों के विधायकों से बात की और बाढ़ प्रभावित लोगों को राशन और पीने का पानी देने का भी आदेश दिया। मुख्यमंत्री ने डीएम, एसपी, पीएचई विभाग के अधिकारियों को अहम निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य के स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री राजेश महतो को पश्चिम मिदनापुर जिले में बाढ़ के हालात पर नजर रखने का काम सौंपा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा, इलाके के लोग कह रहे थे कि ज्योति बसु 1986 में यहां आए थे। उसके बाद, यह पहली बार है जब कोई मुख्यमंत्री यहां आया है। क्या किया जा सकता है, पिछले मुख्यमंत्रियों ने गांव के लोगों को इंसान नहीं समझा। गांव के लोगों के साथ मेरा आंतरिक सम्पर्क है, मैं गांव से शुरू करता हूं, गांव में ही खत्म हो जाता हूं।