

सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : पश्चिम बंगाल सरकार की महत्वाकांक्षी अन्नपूर्णा भंडार की राशि नहीं मिलने से बर्नपुर में लाभार्थी महिलाओं में भारी असंतोष व्याप्त है। मंगलवार को सैकड़ों महिलाओं ने त्रिवेणी मोड़ स्थित आसनसोल नगर निगम के बोरो 7 कार्यालय में जाकर कतार में खड़ी रही और मांग किया कि जल्द से जल्द पैसा उनके खाते में डाला जाये। महिलाओं का कहना है एक महीना उनके खाते में पैसा आया है और अभी स्टेटस जांच करने पर देखा जा रहा कि फॉर फर्दर वेरिफिकेशन दिखा रहा है। वहीं कुछ महिलाओं का कहना है कि उनका स्टेटस देखने पर अंडर प्रोसेसिंग दिखा रहा है। उन्होंने जून मास में ऑनलाइन फॉर्म भरा था और अभी तक अंडर प्रोसेसिंग दिखा रहा है और आज तक उनके बैंक खाते में अन्नपूर्णा भंडार का पैसा नहीं आया है। महिलाओं का कहना है कि इस योजना से मिलने वाली आर्थिक मदद से उनके घर का राशन-पानी और बच्चों की पढ़ाई का खर्च चलता है। पैसे नहीं आने से उनकी रोजमर्रा की जिंदगी पर असर पड़ रहा है। महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि बर्नपुर क्षेत्र के सभी लंबित आवेदनों की तुरंत जांच कर पात्र महिलाओं के खातों में राशि ट्रांसफर किया जाए। कुछ महिलाओं के पति का कहना है कि उनकी पत्नी का तबीयत ठीक नहीं रहने के कारण उन्हें लाइन में आकर रहना पड़ रहा है। आगे कहा कि उन्हें जानकारी लेने के लिए कभी बैंक तो कभी सरकारी दफ्तर के चक्कर काटने पड़ रहे हैं और घर में तनाव की स्थिति पैदा हो रही है। वहीं बोरो 7 में जाकर जब महिला अपना अन्नपूर्णा भंडार को लेकर जांच करवा रही हैं तो बोरो में कार्यरत अधिकारियों द्वारा कहा जा रहा है कि जिन महिलाओं के आवेदन अभी भी प्रोसेसिंग स्टेज में हैं, उन्हें थोड़ा और इंतजार करना होगा। प्रक्रिया पूरी होते ही पात्र लाभार्थियों के खाते में राशि भेज दी जाएगी।