मतगणना केंद्र का जिलाधिकारी व पुलिस आयुक्त ने लिया जायजा

मतगणना केंद्र के आसपास माइक व सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम जारी
मतगणना केंद्र का जिलाधिकारी व पुलिस आयुक्त ने लिया जायजा
Published on

आसनसोल : विधानसभा चुनाव के बाद 4 मई को मतगणना को लेकर विवेकानंद सरणी के जुबली मोड़ स्थित आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में जिला प्रशासन की ओर से तैयारी की जा रही है। सनद रहे कि बीते 23 अप्रैल को पहले चरण के चुनाव के बाद पांच विधानसभा क्षेत्रों के लिए यहां स्ट्रांग रूम बनाया गया है जहां सुरक्षा के बीच ईवीएम को रखा गया है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार मतों की गणना की तैयारी युद्ध स्तर पर की जा रही है। शुक्रवार को जिलाधिकारी एस पोन्नमबलम और आसनसोल - दुर्गापुर कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार जायजा लेने पहुंचे। अधिकारियों ने मतगणना केंद्र की सुरक्षा, प्रवेश व्यवस्था, केंद्रीय बल के जवानों की तैनाती, अग्निशमन आदि की व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने ईवीएम सुरक्षा की बारीकी से समीक्षा की। वहां तैनात अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये। सनद रहे कि आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम में आसनसोल दक्षिण, आसनसोल उत्तर, कुल्टी, बाराबनी और जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के ईवीएम को सील कर कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है। जिलाधिकारी एस पोन्नमबलम ने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से दिये गये निर्देशानुसार मतगणना केंद्र की निगरानी की जा रही है। पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार ने कहा कि मतगणना के दिन कानून व्यवस्था बनाए रखने और हंगामा आदि अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए व्यापक तैयारी की जा रही है। मतगणना के दिन सुरक्षा घेरा को और अधिक मजबूत किया जाएगा। जायजा लेने के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। आसनसोल तृणमूल नार्थ ब्लॉक एक के अध्यक्ष गुरदास चटर्जी ने कहा कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में जो व्यवस्था की गई है, वह संतोषजनक है। तृणमूल दिन-रात वहां नजर रख रही है। अगर कोई गड़बड़ी हुई तो तृणमूल की ओर से आंदोलन किया जाएगा। मतगणना केंद्र के बाहर व्यापक संख्या में लाउड स्पीकर और सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम चल रहा है। राजनीतिक दलों का शिविर मतगणना केंद्र से 100 मीटर दूर बनाने के निर्देश दिए गए हैं। सनद रहे कि 4 मई को मतगणना के दिन विवेकानंद सरणी से गाड़ियों का आवागमन बंद करने का निर्देश दिया गया है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in