

आसनसोल : शादी का सीजन और चुनाव की तारीखों का टकराना मतदान प्रतिशत पर गहरा असर डालने वाला है। गौरतलब है कि अप्रैल माह का 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक शादी का जबरदस्त लगन है और इसी बीच 23 अप्रैल को मतदान भी है। शादी के जबर्दस्त लग्न का बड़ा असर राज्य विधानसभा चुनाव पर देखने को मिलेगा। 21 और 24 अप्रैल का लगन बहुत ही ज्यादा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अप्रैल का महीना शादी का सीजन वाला है और यात्रियों की उच्च मांग वाला समय होता है, इसलिए टिकटों की भारी बुकिंग देखी जा रही है। पश्चिम बर्दवान के 9 विधानसभा क्षेत्रों में देखा जा रहा है कि 21 और 24 अप्रैल को लगन को लेकर हर विधानसभा इलाके से काफी संख्या में अन्य राज्य में शादी के लिए जा रहे हैं। इस संबंध में एक व्यक्ति ने कहा कि 24 अप्रैल को उनकी बेटी की शादी है, इसलिए तैयारी के लिए पूरे परिवार को दूसरी जगह जाना पड़ रहा है। बता दें कि आसनसोल दक्षिण विधानसभा, कुल्टी विधानसभा एवं जामुड़िया विधानसभा इलाके में रहने वाले काफी संख्या में लोगों का संबंध ज्यादा बिहार, उत्तर प्रदेश एवं झारखंड से है जो इन शादियों में वहां जा सकते हैं। वहीं विशेषज्ञों के सर्वेक्षण के अनुसार कुल्टी, आसनसोल दक्षिण एवं जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के लोग शादी को लेकर ज्यादा जा रहे, जिसका असर मतदान प्रतिशत पर देखने को मिलेगा।