

आसनसोल : 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सोमवार से नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बता दें कि इस बार का चुनाव दो चरणों में होगा जिसमें पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को पश्चिम बर्दवान जिला की 9 विधानसभा सीटों पर कराया जाएगा। वहीं नामांकन प्रक्रिया के पहले ही दिन आसनसोल नॉर्थ विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी कृष्णेंदु मुखर्जी ने सोमवार को एसडीओ कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान किसी प्रकार का शोर-शराबा या नारेबाजी देखने को नहीं मिली। उनके साथ दो समर्थक दिलीप कुमार भट्टाचार्य, अशोक सोनकर एवं दो सुरक्षा कर्मी मौजूद थे। नामांकन दाखिल करने के बाद मौके पर कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि वह सनातन परंपराओं में विश्वास रखते हैं और धार्मिक आस्था के अनुसार उन्होंने इस दिन को शुभ मानते हुए नामांकन भरा है। उन्होंने बताया कि यह निर्णय पार्टी नेतृत्व से चर्चा के बाद लिया गया। आगे कहा कि 1 अप्रैल से वह अपने समर्थकों के साथ क्षेत्र में सक्रिय रूप से चुनाव प्रचार शुरू करेंगे। उनका चुनाव अभियान जनता एवं शहर के विकास के मुद्दों पर केंद्रित होगा। साथ ही तृणमूल कांग्रेस सरकार के पिछले 15 वर्षों के कार्यकाल की कमियों को जनता के सामने रखेंगे।
नामांकन की समय-सारिणी
पश्चिम बर्दवान में नामांकन पत्र जमा करने के लिए तीन कार्यालय निर्धारित किए गए हैं। पहला आसनसोल के कल्याणपुर स्थित डीएम कार्यालय, दूसरा एसडीओ कार्यालय और तीसरा दुर्गापुर स्थित एसडीओ कार्यालय। वहीं डीएम कार्यालय में आसनसोल दक्षिण, कुल्टी, बाराबनी और जामुड़िया विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवार नामांकन दाखिल करेंगे। आसनसोल एसडीओ कार्यालय में आसनसोल उत्तर विधानसभा का नामांकन किया जाएगा और दुर्गापुर एसडीओ कार्यालय में रानीगंज, पांडवेश्वर, दुर्गापुर पूर्व एवं दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। वहीं अधिसूचना जारी होने की तिथि 30.03.2026, नामांकन करने की अंतिम तिथि 06.04.2026, नामांकन पत्र जमा करने का समय 11 AM से 3PM, जांच की तिथि 07.04.2026, नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 09.04.2026, चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची का प्रकाशन 09.04.2026, मतदान की तिथि 23.04.2026, मतगणना की तिथि 04.05.2026 है।