

बर्नपुर : बर्नपुर के हॉकरों एवं दुकानदारों ने दुकान नहीं हटाने को लेकर मंत्री अग्निमित्रा पॉल से मदद की गुहार लगाई। गौरतलब है कि दुकानदार एवं हॉकर रविवार सुबह 10 बजे से मंत्री अग्निमित्रा पॉल का बर्नपुर क्लब के बाहर इतंजार कर रहे थे। वहीं जैसे ही मंत्री की गाड़ी सामने आई, दुकानदार दौड़ पड़े और क्लब के गार्ड ने उन्हें रोक दिया। अग्निमित्रा पॉल कार्यक्रम खत्म कर जैसे ही निकलीं, सभी दुकानदारों ने उनकी गाड़ी को रोक कर मदद की गुहार लगाई। मौके पर दुकानदारों ने मंत्री से कहा कि उन्हें हटा दिया जायेगा तो वे क्या करेंगे, कहां जायेंगे। ऐसा होने पर आत्महत्या करना छोड़कर कोई दूसरा विकल्प नहीं बचेगा। वहीं अग्नमित्रा पॉल ने लोगों से कहा कि एक कागज में वे लोग नाम लिख कर दें। इसके बाद दुकानदारों में एक उम्मीद की किरण जगी।
क्या कहा दुकानदारों ने
दुकानदारों ने कहा कि उनका पूरा परिवार दुकान के सहारे जी रहा है। अगर उन्हें हटा दिया जायेगा तो वे क्या करेंगे। उनके पास कोई दूसरा विकल्प भी नहीं है। उनकी मांग है कि उन्हें कहीं जगह दी जाये। इसके बाद दुकानों को हटाया जाये नहीं तो हजारों लोग भुखमरी के शिकार हो जायेंगे।
क्या कहा मंत्री ने
मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि सेल एक बड़ी कंपनी है, वह अपनी जमीन पर क्या नीति अपना रही है, इस बारे में सब कुछ जाने बिना उनका टिप्पणी करना ठीक नहीं है। कुछ दिन पहले उनकी सेल के अधिकारी से बात हुई थी। आगे कहा कि जिन लोगों को हटाया जा रहा है, इन सबकी सेल आईएसपी अपना जांच करेगा कि वे कितने दिनों से यहां हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता के साथ है जो किसी को बेघर करने पर विश्वास नहीं करती है।