

जितेन्द्र, सन्मार्ग संवाददाता
सांकतोड़िया : ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के सांकतोड़िया अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गयी है। अस्पताल में हिल लाइफकेयर के सहयोग से अमृत फार्मेसी का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन ईसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक सतीश झा एवं निदेशक (एचआर) गुंजन कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं मंगलदीप जलाकर किया। अमृत फार्मेसी के शुरू होने से सांकतोड़िया अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों को निर्धारित मानकों के अनुरूप दवाओं की उपलब्धता एक ही स्थान पर सुनिश्चित होने की उम्मीद है। इससे मरीजों एवं उनके परिजनों को अस्पताल के आसपास दवाओं के लिए भटकने की परेशानी कम होगी तथा उन्हें किफायती दरों पर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उद्घाटन समारोह में सीएमडी सतीश झा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और अधिक सुलभ बनाना कंपनी की प्राथमिकताओं में शामिल है। अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ मरीजों को दवा उपलब्ध कराने की व्यवस्था को मजबूत करने से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में और सुधार होगा। उन्होंने कहा कि इस फार्मेसी से ईसीएल कर्मियों दवा कैशलेश में दिया जाएगा बिल के चक्कर से उन्हें मुक्ति मिलेगी. उन्होंने कहा कि दवा आसपास रहनेवालों को भी दिया जाएगा.
मरीजों के लिए सुविधा का विस्तार
सांकतोड़िया अस्पताल ईसीएल के महत्वपूर्ण चिकित्सा केंद्रों में शामिल है, जहां ईसीएल कर्मियों, उनके परिजनों तथा अन्य मरीजों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करायी जाती हैं। निदेशक एचआर गुंजन कुमार सिन्हा ने कहा कि अमृत फार्मेसी की पहला यूनिट सांकतोड़िया अस्पताल में खोला गया है जबकि दूसरा यूनिट कल्ला अस्पताल में खोला जाएगा। फार्मेसी के माध्यम से मरीजों को आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही दवाओं की खरीद को अधिक व्यवस्थित बनाने पर भी जोर दिया जाएगा। इससे उपचार के दौरान मरीजों को दवाओं के लिए अलग-अलग स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम हो सकती है। मौके पर सीएमडी के तकनीकी सचिव पी एस दे, महाप्रबंधक पीएंडआईआर मोहम्मद नजरुल, सीएमएस डॉक्टर एस एन साहा, सीएमओ डॉक्टर समीर पोद्दार, डिप्टी सीएमओ डॉक्टर केके मोदक,डॉक्टर टीपी डाकुआ, डीपी के तकनीकी सचिव विवेक कुमार, सुरक्षा प्रमुख शरदेंदु तिवारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।