

संजय सन्मार्ग संवाददाता पांडवेश्वर: काली पूजा के पावन अवसर पर पांडवेश्वर थाना प्रांगण में भव्य 'मिलन उत्सव' का आयोजन किया गया। उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक जितेंद्र तिवारी, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसी (ईस्ट) रसप्रीत सिंह और एसीपी (अंडाल डिवीजन) दीप कुमार दास विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण का केंद्र ‘फिरे पावा’ अभियान रहा। पांडवेश्वर थाना की पुलिस ने तकनीकी मदद और तत्परता दिखाते हुए कुल 69 मोबाइल फोन बरामद किए थे, जिन्हें इस मिलन समारोह में उनके मालिकों को वापस लौटाया गया। इसके अलावा, साइबर ठगी की घटनाओं में रिकवर की गई 1,11,999 रुपये और 1,32,300 रुपये की राशि के प्रतीकात्मक चेक दो पीड़ितों को सौंपे गए। अपनी खोई हुई संपत्ति और ठगी गई गाढ़ी कमाई वापस पाकर पीड़ितों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
पुलिस का यह प्रयास एक सकारात्मक उदाहरण: जितेंद्र तिवारी विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा, 'आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट व पांडवेश्वर थाना की पुलिस का यह सराहनीय प्रयास साइबर अपराध से सख्ती से निपटने और जरूरतमंद व पीड़ित नागरिकों के साथ खड़े होने का एक बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत करता है। इस जनहितैषी अभियान को सफल बनाने वाले सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को मेरी ओर से हार्दिक बधाई।'
जरूरतमंदों में बांटे गए कंबल
थाना प्रभारी सुशोभन बनर्जी ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि पुलिस जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर है। इसी कड़ी में मोबाइल और ठगी गई राशि लौटाने के साथ-साथ इलाके के करीब 100 जरूरतमंद और असहाय लोगों के बीच ठंड से राहत के लिए कंबल का वितरण भी किया गया।