प्रेमचंद जयंती पर लिखित त्वरित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन

दुर्गापुर हिंदी भाषा मंच के प्रतियोगिता से बच्चों को मिला प्रोत्साहन
प्रेमचंद जयंती पर लिखित त्वरित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन
Published on

दुर्गापुर : दुर्गापुर हिंदी भाषा मंच की ओर से कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जयंती के उपलक्ष्य में सृजनी सभागार में एक भव्य एवं प्रेरणास्पद "लिखित त्वरित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता" का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के 16 विद्यालयों से कुल 108 परीक्षार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर मंच के महासचिव धर्मेंद्र यादव, समन्वयक जयप्रकाश नारायण ओझा, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. सत्यदेव ओझा, उपाध्यक्ष शंकर गुप्ता, डॉ. प्रदीप यादव और नरेश शर्मा उपस्थित रहे। समन्वयक जेपीएन ओझा ने मंच और इस प्रतियोगिता के उद्देश्य पर प्रकाश डाला, जबकि महासचिव धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिता भारतीय संस्कृति, साहित्य और मनीषियों के बारे में जानने का माध्यम है। वहीं कार्यकारी अध्यक्ष डॉक्टर सत्यदेव ओझा ने अपने अध्यक्षीय भाषण में बच्चों को सफलता की शुभकामना दी। प्रतियोगिता के समय गणमान्य सदस्य उपेंद्रनाथ मिश्रा, शिक्षक डॉ. जितेन्द्र मिश्रा, श्याम कुमार मंडल, शिक्षक अजय चौधरी, डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय, चंद्रबली सिंह आदि ने उपस्थित रहकर प्रतियोगिता का सफलता पूर्वक संचालन में सहयोग किया। मंच संचालन एवं प्रतियोगिता संबंधित सारी व्यवस्था एवं दायित्व का कुशल निर्वहन दिनेश राम, श्वेता देब और संतोष कुमार शर्मा ने तन्मयता के साथ संपन्न किया। प्रतियोगिता के अंत में मंच के उपाध्यक्ष डॉ. प्रदीप यादव ने उपस्थित सभी प्रतियोगियों, उनके अभिभावकों, स्कूल और उनके शिक्षकों के प्रति धन्यवाद के साथ आभार व्यक्त किया। आयोजकों के अनुसार इस प्रतियोगिता का परिणाम अगले महीने अगस्त के अंतिम सप्ताह में घोषित किया जाएगा।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in