

जामुड़िया : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जामुड़िया पुलिस सक्रिय है। इसी क्रम में जामुड़िया थाना प्रभारी सोमेंद्रनाथ सिंह ठाकुर ने निघा मिशिरबंध तालाब स्थित छठ घाट सहित क्षेत्र के कई छठ पूजा घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी ने स्थानीय लोगों एवं छठ पूजा समितियों के साथ घाटों की व्यवस्था को लेकर चर्चा की। उन्होंने पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर थाना प्रभारी सोमेंद्रनाथ सिंह ठाकुर ने कहा कि छठ महापर्व आस्था और श्रद्धा का पर्व है। पुलिस का प्रयास है कि सभी माताएं एवं बहनें सुरक्षित, स्वच्छ और शांतिपूर्ण वातावरण में पूरी श्रद्धा एवं भक्ति के साथ छठ महापर्व मना सकें। इसके लिए क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।