

सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण दामोदर नदी का जल स्तर बढ़ गया है। इस कारण बर्नपुर के शामडीही के पास ईश्वरदा और केसरकुरी फेरी घाट पर दामोदर नदी पर बने बांस के दो अस्थायी पुल पानी के तेज बहाव में बुधवार सुबह बह गये। गौरतलब है कि बांस के पुल बहने से आने-जाने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और दैनिक यात्रियों को नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। पिछले वर्ष 2025 में 8 जून को सुबह तेज बहाव में भी ये घाट बह गये थे। वहीं इस वर्ष 22 जुलाई की सुबह 6 बजे ये दोनों अस्थायी पुल पानी की तेज धारा में बह गये जिससे दैनिक यात्री को अपने कार्यों पर आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दैनिक यात्री जितेन बाउरी, अनंत बाउरी सहित अन्य लोगों ने कहा कि हर साल मानसून के दौरान दैनिक यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बर्नपुर स्थित दामोदर नदी पर स्थायी पुल बनाने की मांग काफी दिनों से की जा रही है लेकिन आज तक इस क्षेत्र में कोई कार्रवाई नहीं हुई। जून से नवंबर तक दैनिक यात्री नदी में नाव का सहारा लेकर यात्रा करते हैं और अपने काम, कार्यालय एवं स्कूल जाते हैं। वहीं कुछ दैनिक यात्रियों ने कहा कि वह काम पर गये थे पर बुधवार सुबह लौटने पर देखा कि पुल टूटा हुआ है।
दैनिक यात्रियों के लिए तत्काल बोट की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग
दामोदर-बिहारीनाथ सेतु बंधन कमेटी के महासचिव चंदन मिश्रा ने कहा कि दामोदर नदी पर बने बांस के दो अस्थायी पुल तेज बहाव में बहने से दैनिक यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं नदी पार करने को लेकर जिस नाव का सहारा लिया जाता है, उससे नदी की तेज धारा में नाव पलटने का खतरा हमेशा बना रहता है। कमेटी की मांग है कि जब तक अस्थायी पुल नहीं बन जाता है, तब तक बोट की सुविधा दी जाये। उन्होंने राज्य की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल एवं सालतोड़ा विधानसभा की विधायिका चंदना बाउरी से मांग की है कि तत्काल सुविधा को लेकर बोट की सुविधा दी जाये। साथ ही ईश्वरदा और केसरकुरी फेरी घाट पर नांव के ठहराव के लिए पक्का घाट बनाया जाये। इस मौके पर दामोदर-बिहारीनाथ सेतु बंधन कमेटी के अध्यक्ष डॉ. सुबल चक्रवर्ती, उपाध्यक्ष सुभाष रॉय, कन्वेनर अरूप माजी, गौतम सरकार मौजूद थे।