
खड़गपुर : राज्य के मंत्री और सालबनी के विधायक श्रीकांत महतो शुक्रवार की देर शाम को खड़गपुर के जय़हिंदनगर इलाके में पहुंचे और यहां पर आयोजित श्रीसोलापुरी माता महोत्सव में शामिल होकर माता की पूजा अर्चना की। मंत्री के साथ जिला परिषद की कर्माध्यक्ष ज्योतिपद महतो, खड़गपुर टाउन टीएमसी के अध्यक्ष एस सूर्यप्रकाश राव, वार्ड 15 के पार्षद बोंटा मुरली समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। मंत्री के पूजा महोत्सव में पहुंचने पर पूजा आयोजन कमेटी के लोगों ने उनका हार्दिक स्वागत कर उनको सम्मानित भी किया। मालूम हो कि इन दिनों खड़गपुर के विभिन्न जगहों पर श्री सोलापुरी माता महोत्सव का आयोजन बड़े धूमधाम के साथ किया जा रहा है। इस क्रम में जय हिंद नगर में भी 100 वार्षिक पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसकी विसर्जन शोभायात्रा रविवार रात को निकाली जाएगी। इसके अलावा वार्ड 17 विधान पल्ली में भी शुक्रवार से 10 दिवसीय श्री सोलापुरी माता पूजा महोत्सव का आयोजन शुरू कर दिया गया। जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं। खड़गपुर में विभिन्न जगहों पर श्री सोलापुरी माता पूजा महोत्सव का आयोजन किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मंत्री ने सभी पूजा आयोजन कमेटी की सराहना भी की।