

जामुड़िया : मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, एसआईआर प्रक्रिया रद्द करने तथा एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से बाहर किए गए पात्र मतदाताओं के नाम शीघ्र पुनः शामिल करने की मांग को लेकर माकपा अजय वेस्ट लोकल कमेटी की ओर से शुक्रवार कि देर शाम को जोरदार विरोध मार्च निकाला गया। मार्च में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए।
इस दौरान वक्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पात्र नागरिकों के मताधिकार की रक्षा करने तथा मतदाता सूची से हटाए गए योग्य मतदाताओं के नाम तत्काल पुनः शामिल करने की मांग उठाई।
सभा को संबोधित करते हुए माकपा अजय वेस्ट लोकल कमेटी के सचिव ने निर्वाचन आयोग की भूमिका पर सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग भाजपा के हित में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देश के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर वामपंथी छात्र-युवाओं द्वारा किए गए विरोध कार्यक्रम का भी उल्लेख किया। आरोप लगाया कि उक्त कार्यक्रम के दौरान दिल्ली पुलिस ने कई छात्र-युवाओं को हिरासत में लिया, जो लोकतांत्रिक अधिकारों में हस्तक्षेप है।
सभा में माकपा राज्य कमेटी की सदस्य तथा पूर्व जामुड़िया विधायक जहानारा खान ने भी संबोधित किया। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार तथा ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 25 सितंबर को एआईडीडब्ल्यूए की ओर से कोलकाता में मुख्य निर्वाचन आयुक्त के कार्यालय के समक्ष महिलाओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान एसआईआर के माध्यम से मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था।
वक्ताओं ने ज्ञानेश कुमार से तत्काल इस्तीफा देने, उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच कराने तथा आरोप प्रमाणित होने पर कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही एसआईआर रद्द कर मतदाता सूची से हटाए गए सभी पात्र मतदाताओं के नाम शीघ्र पुनः शामिल करने की मांग की गई।