

सालानपुर : अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड की टास्क फोर्स और सुरक्षा विभाग की संयुक्त छापेमारी अभियान चलाते हुए अवैध कोयला से लदे एक ट्रक को पकड़ा। यह ट्रक दुर्गा फ्यूल फैक्ट्री से अवैध कोयला लादकर निकला था। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय कोयला तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर ईसीएल की टीम संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है। इसी दौरान बिना वैध कागजात के कोयला ले जा रहे एक ट्रक को रोका गया। जांच में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर ट्रक को जब्त कर लिया गया। बताया जा रहा है कि ट्रक में लदा कोयला अवैध खनन या चोरी से जुड़ा हो सकता है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद ईसीएल अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस को सूचित किया। काफी मशक्कत और औपचारिक प्रक्रियाओं के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। ट्रक ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है तथा इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कोयला खनन और तस्करी का नेटवर्क सक्रिय है। रात के अंधेरे में कोयला लोड कर विभिन्न राज्यों तक भेजा जाता है। हालांकि समय-समय पर कार्रवाई होती रही है, लेकिन तस्करी का सिलसिला पूरी तरह थमता नहीं दिख रहा।
प्रबंधन का सख्त रुख
ईसीएल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि कंपनी की संपत्ति की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अवैध खनन या तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में संयुक्त अभियान और तेज किए जाने की संभावना है। अधिकारियों के अनुसार कोयला चोरी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए टास्क फोर्स और सालानपुर एरिया सिक्योरिटी की टीमें लगातार छापेमारी और जब्ती अभियान चला रही हैं। हालिया कार्रवाई से कोयला तस्करों में भय का माहौल देखा जा रहा है। ट्रकों की जब्ती और संभावित गिरफ्तारी से अवैध गतिविधियों में संलिप्त गिरोहों में हड़कंप मचा हुआ है।
छापेमारी में शामिल अधिकारी
इस संयुक्त अभियान में टास्क फोर्स टीम से सीनियर सुरक्षा निरीक्षक पीयूष सिंह, सालानपुर क्षेत्र सुरक्षा से सुरक्षा निरीक्षक राहुल जैन तथा सीआईएसएफ से डीके सिंह शामिल रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध कोयला परिवहन के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।यह कार्रवाई क्षेत्र में कोयला चोरी के नेटवर्क पर नकेल कसने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।