

बर्नपुर : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई यानी सोमवार को आने हैं। सभी राजनीतिक दलों की सोमवार को होने वाली मतगणना पर ध्यान टिका हुआ है। वहीं पूरे पश्चिम बंगाल के साथ पश्चिम बर्दवान जिला की 9 सीटों की विधानसभा चुनाव की मतगणना आज सोमवार को है। इसी क्रम में हीरापुर थाना क्षेत्र में हीरापुर जोन में आने वाली सभी पार्टियों के प्रतिनिधियों को बुलाकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसीपी हीरापुर मिहिर कुमार दे ने मौजूद सभी पार्टियों के प्रतिनिधियों को कहा कि मतगणना के बाद कोई भी पार्टी जीते पर सभी को आपस में शांति बनाये रखनी है और किसी तरह का कोई अंशाति करने पर पुलिस उस पर कार्रवाई करेगी। साथ ही सभी दलों से अपील की गई कि वे अपने कार्यकर्ताओं को शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के निर्देश दें और परिणाम को स्वीकार करें। मौके पर तृणमूल के ब्लॉक अध्यक्ष पूर्णेंदू चौधरी ने कहा कि पुलिस की तरफ से शख्त निर्देश मिला है कि मतगणना के बाद किसी तरह की कहीं भी कोई अंशाति न हो और बैठक में शांति बनाए रखने पर सभी पार्टी के प्रतिनिधियों ने सहमति जताई है। भाजपा जिला कमेटी के सदस्य जयदीप दे ने बैठक में 2021 के चुनाव बाद हुई हिंसा का जिक्र उठाया और उम्मीद जताई कि इस बार मतगणना के बाद माहौल शांतिपूर्ण रहे। वहीं पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मतगणना के दौरान और उसके बाद कानून-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के लिए पुलिस तथा प्रशासन पूरी तरह तैयार हैं। इस मौके पर हीरापुर थाना प्रभारी अखिलेश सिंह, एसआई अंजन मंडल, तृणमूल प्रतिनिधि पूर्णेंदू चौधरी, शिवानंद बाउरी, भाजपा प्रतिनिधि सोमनाथ मंडल, पंकज दास, जयदीप दे, कांग्रेस प्रतिनिधि प्रेम नारायण सिंह, बिप्लव माजी सहित सभी दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे।