

अंडाल : 9 सीटों वाली जामबाद कोलियरी/ओसीपी ईम्प्लाइज को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी के नए बोर्ड गठन के लिए होने वाले चुनाव में केकेएससी समर्थित उम्मीदवारों ने निर्विरोध जीत हासिल की। चुनाव को लेकर 12-13 सितंबर उम्मीदवारी के लिए नामांकन दाखिल करने के लिए दिन मुकर्रर किया गया था। नामांकन पत्र भरने के लिए निर्धारित दोनों दिन विरोधी श्रम संगठनों समर्थित किसी उम्मीदवार ने परचा दाखिल नहीं किया जिस कारण केकेएससी समर्थित सभी 9 उम्मीदवार राज कुमार सिंह, राजू चौबे, शालिनी सिंह, अनिमेष सिंह, उत्तम घोषाल, लक्ष्मी मुंडा, योगेंद्र प्रसाद कोइरी, गौरांग गोराई और सुशांत बेहरा ने निर्विरोध जीत हासिल कर ली। अब वोटिंग नहीं होगी। आने वाले दिनों में विजयी उम्मीदवारों को लेकर उक्त सहकारिता समिति के नए बोर्ड का गठन होगा। वहीं विरोधियों का आरोप है कि तृणमूल के लोगों ने किसी को नामांकन के परचा उठाने तक नहीं दिया। वहीं निर्विरोध जीत के बाद तृणमूल कांग्रेस व केकेएससी समर्थकों ने जमकर जीत का जश्न मनाया। इस दौरान बहुला पंचायत के उपप्रधान बीरबहादुर सिंह, पंचायत सदस्य धर्मेंद्र पासवान, कृष्णा भुइयां, केकेएससी के शाखा सचिव चंदन पाल आदि उपस्थित थे। बीरबहादुर सिंह ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों से कोयला कामगारों की हालत दिन पर दिन ख़राब होती जा रही है। इस चुनाव में निर्विरोध जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि कोयला कामगार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ हैं।