

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : छठ महापर्व की आहट के साथ ही आसनसोल और बर्नपुर के बाजारों में बांस की बनी डाला, सूप और टोकरी की दुकानें सज गई हैं। खास बात यह है कि इन दुकानों पर बैठे ज्यादातर विक्रेता मुस्लिम समुदाय के है ,जो झारखंड के जामताड़ा से डाला , सूप और टोकरी लाकर बेचते है और इसके लिए वे साल भर इस पर्व का इंतजार करते हैं। इन कारीगरों का कहना है कि छठ पूजा के समय यही उनका कमाई का सबसे बड़ा साधन है। पूरे साल वे अन्य काम करते हैं, लेकिन छठ के 15-20 दिन पहले वे अपना पूरा सामान लेकर आसनसोल, बर्नपुर, कुल्टी और आसपास के इलाकों में आ जाते हैं। दुकानदारों ने कहा : रहीम अंसारी, सलाउद्दीन अंसारी एवं यूसुफ अंसारी ने कहा कि जामताड़ा के गांवों में कई परिवार पीढ़ियों से बांस का काम करते आ रहे हैं। डाला, सूप, टोकरी, चलनी और छठ के लिए जरूरी अन्य सामान वे अपने हाथों से बनाते हैं। बांस को काटना, छीलना, सुखाना और फिर बुनना, यह पूरी प्रक्रिया बेहद मेहनत वाली है। एक डाला बनाने में कई घंटे लग जाते हैं। साथ ही कहा कि छठ के लिए बनने वाले सामान में विशेष साफ-सफाई और पवित्रता का ध्यान रखना पड़ता है। इसीलिए वे इसे पूरी श्रद्धा से खरीद कर लाते है और उसे बेचते है। बाजार में बढ़ी रौनक आसनसोल एवं बर्नपुर के बाजारों में इन दिनों सुबह से ही छठ का सामान खरीदने वालों की भीड़ लग रही है। महिलाएं डाला-सूप की गुणवत्ता देखकर खरीद रही हैं, तो दुकानदार उन्हें तरह-तरह के डिजाइन दिखा रहे हैं। सूप का दाम 80 से 100 रुपये और डाला 500-600 रुपये तक है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जामताड़ा के कारीगरों का सामान मजबूत और सुंदर होता है, इसलिए हर साल वे उन्हीं से खरीदना पसंद करते हैं।
यह नजारा आसनसोल-बर्नपुर की गंगा-जमुनी तहजीब की सबसे सुंदर मिसाल है। एक ओर हिंदू परिवार छठ व्रत की तैयारी में जुटे हैं, तो दूसरी ओर मुस्लिम समुदाय उनके पर्व को सफल बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। एक विक्रेता ने कहा, हमारे लिए यह सिर्फ व्यापार नहीं है, यह रिश्ता है। छठ में हमारे द्वारा बेचे जाने वाले सूप से जब कोई व्रती अर्घ्य देता है, तो हमें बहुत खुशी मिलती है। इसी से हमारे बच्चों का पेट पलता है, घर चलता है। वहीं अलीमुद्दीन अंसारी ने बताया कि छठ के मौसम में होने वाली कमाई से ही उनके परिवार का कई महीने का खर्च निकल जाता है। बच्चों की पढ़ाई, घर की मरम्मत और कर्ज की किस्त, सब इसी कमाई से होता है।