सड़क दुर्घटना में उच्च माध्यमिक परीक्षार्थी की मौत

परिजनों एवं ग्रामीणों ने किया सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
पथावरोध करते स्थानीय लोग
पथावरोध करते स्थानीय लोग
Published on

बांकुड़ा : जयपुर थाना अंतर्गत प्रसादपुर इलाके में सोमवार को हुई सड़क दुर्घटना में उच्च माध्यमिक (12वीं) के एक परीक्षार्थी की जान चली गई। मृत छात्र की पहचान 18 वर्षीय जुएल शेख के रूप में हुई है, जो जयपुर थाना क्षेत्र के विक्रमपुर गांव का निवासी था। जानकारी के अनुसार, जुएल शेख जुजुर हाईस्कूल का छात्र था और इस वर्ष उच्च माध्यमिक की परीक्षा दे रहा था। उसका परीक्षा केंद्र जयपुर हाईस्कूल में पड़ा था। सोमवार को रसायन विज्ञान (Chemistry) की परीक्षा थी। जुएल अपनी मोटर साइकिल से परीक्षा केंद्र की ओर जा रहा था, तभी प्रसादपुर स्कूल के पास चौमाथा मोड़ पर बिजली के खंभे (Electric Pole) ले जा रही एक इंजन वैन ने उसे टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इंजन वैन पर लदे कंक्रीट के बिजली के खंभे सीधे छात्र के सीने में जा लगे, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। स्थानीय लोग उसे तुरंत वहां से जयपुर ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप

छात्र की मौत की खबर फैलते ही इलाके में तनाव फैल गया। जुजुर और जयपुर हाई स्कूल के शिक्षक भी मौके पर पहुंच गए। न्याय की मांग और घटना के विरोध में स्थानीय निवासियों एवं मृतक के परिजनों ने पहले विष्णुपुर-आरामबाग राज्य मार्ग को बाधित किया और बाद में स्वास्थ्य केंद्र के सामने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। भीड़ को नियंत्रित करने और स्थिति को सामान्य बनाने के लिए जयपुर थाने की पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जुजुर हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक प्रबीर कर ने कहा कि एक होनहार छात्र का इस तरह जाना बेहद दुखद है। वे लोग स्तब्ध हैं। मिराजुल मिद्दा और यामीन शेख व अन्य ग्रामीणों ने कहा कि इस सड़क पर बड़ी संख्या में बालू लदे ट्रैक्टर, ट्रक और इंजन वैन अनियंत्रित होकर चलते हैं। सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाने के कारण एक जान चली गई। वे लोग प्रशासन से उचित न्याय और सुरक्षा की मांग करते हैं।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने इंजन वैन ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए गए ठोस आश्वासन के बाद ही ग्रामीणों ने सड़क जाम हटाया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in