

सन्मार्ग संवाददाता
बर्दवान : नादनघाट थाना क्षेत्र के एक सुदूर गांव में दूसरी कक्षा की छात्रा से बलात्कार और हत्या के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग लड़के और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद, शुक्रवार सुबह पूर्वस्थली दक्षिण के विधायक प्राणकृष्ण तपदार पीड़ित परिवार से मिलने क्षेत्र में पहुंचे। विधायक प्राणकृष्ण तपदार ने पीड़ित परिवार के साथ खड़े होकर उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया और भरोसा दिलाया कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। बाद में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, यहां आकर मुझे जो पता चला, वह यह है कि जिस नाबालिग ने इस घटना को अंजाम दिया है, उसे उसके पिता का पूरा समर्थन हासिल था। बच्ची का परिवार और इलाके के लोग, सभी चाहते हैं कि उन्हें फांसी दी जाए। हम भी पुलिस प्रशासन से गुहार लगाएंगे कि उन्हें सख्त से सख्त सजा मिले। दूसरी तरफ, मृत बच्ची के पिता ने कहा कि घटना के बाद से हम अभी भी डरे हुए हैं। मेरा एक बेटा भी है, कहीं उसे कोई नुकसान न पहुंच जाए। हम चाहते हैं कि मेरी बेटी के साथ ऐसा करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिले।