

धनंजय, सन्मार्ग संवाददाता
जामुड़िया : जामुड़िया थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत श्रीपुर फांड़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने साइबर ठगी करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद जिब्रेल और सोनू यादव के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, श्रीपुर फांड़ी पुलिस को काफी समय से निंघा इलाके में साइबर ठगी गिरोह के सक्रिय होने की गुप्त सूचना मिल रही थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने निगरानी बढ़ाते हुए बीती रात निंघा इलाके में छापेमारी की और दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि दोनों युवक काफी समय से इलाके में रहकर ऑनलाइन ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। आरोप है कि वे फोन कॉल, फर्जी लिंक तथा विभिन्न मोबाइल ऐप के माध्यम से लोगों को झांसे में लेकर उनके बैंक खातों से रुपये निकालते थे। इस संबंध में पुलिस को कई शिकायतें भी मिली थीं। गिरफ्तारी के बाद दोनों अभियुक्तों को कड़ी सुरक्षा के बीच आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने मामले की जांच के लिए दोनों को पुलिस हिरासत में लेने की मांग की है। पुलिस के अनुसार, रिमांड पर लेकर पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तथा अब तक की गई कथित साइबर ठगी की घटनाओं के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस ने आरोपितों के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अनजान फोन कॉल, संदिग्ध लिंक या किसी अज्ञात ऐप पर भरोसा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर या ऐसी आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।