

सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : बर्नपुर बाजार के डस्टबिन एरिया की मुख्य सड़क पर बना नाला धंस जाने से दुकानदारों और बाजार आने वालों को बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बर्नपुर मार्केट कमेटी का आरोप है कि नाला धंस जाने से आये दिन इसमें कोई न कोई गिरता रहता है और लोग बाजार के अंदर बाइक लेकर नहीं जा पा रहे हैं। बर्नपुर मार्केट कमेटी के सचिव जगदीश सिंह ने कहा कि आईएसपी के टाउन विभाग के कर्मचारियों के द्वारा नाला सफाई करने के दौरान नाला पर बना स्लैप टूट कर धंस गया और 7 दिन बीत गया पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। आगे कहा कि उन्हें दुकान जाने के लिए पैदल जाना पड़ रहा है कारण बाइक नहीं जा पा रही है। आगे कहा कि इसी नाले में एक महिला भी गिर गई थी, इसके बाद टाउन विभाग के अभिजीत मंडल को शिकायत भी गई है पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं अन्य दुकानदारों ने कहा कि बाजार के अंदर ठेला पर माल लेकर नहीं जा पा रहे हैं। इसलिए सड़क पर ही माल उतारकर उसे बाजार के अंदर ले जाया जा रहा है या दूसरे रास्ते से इसे अंदर ले जाया रहा है। 7 दिनों से बाजार के इस रास्ते से आने-जाने वालों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।