

मुर्शिदाबाद : मुर्शिदाबाद जिला पुलिस ने बड़ी मात्रा में हथियारों के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है। शनिवार दोपहर मुर्शिदाबाद जिला पुलिस अधीक्षक सचिन मक्कर ने बताया कि बरहमपुर और शक्तिपुर पुलिस थानों में एक अभियान के दौरान कुल 210 राउंड कारतूस, 10 पिस्तौल और 7 मैगजीन जब्त किए गए। वहीं यह भी पता चला है कि शुक्रवार रात बहरमपुर में तृणमूल के युवा नेता पापाई घोष के घर से 170 राउंड नए कारतूस, 5 पिस्तौल और कई मैगजीन जब्त किए गए। गौरतलब है कि तृणमूल नेता पापाई घोष चुनाव के बाद से फरार थे। वह कुछ दिनों पहले बरहमपुर लौटे थे। स्थानीय सूत्रों से जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और शुक्रवार को उनके घर से बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए गए। इसके अलावा, मुर्शिदाबाद जिला पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और शक्तिपुर पुलिस स्टेशन ने मिलकर छापेमारी कर तीन हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 40 राउंड नए कारतूस और 5 पिस्तौलें जब्त की गईं। पता चला है कि गिरफ्तार किए गए हथियार तस्कर जालंगी पुलिस स्टेशन इलाके के हैं। गिरफ्तार लोगों ने बांग्लादेश में तस्करी के लिए बिहार से हथियार खरीदे थे। गिरफ्तार लोगों को शनिवार को बहरमपुर डिस्ट्रिक्ट जज की कोर्ट में 14 दिन की पुलिस कस्टडी के लिए भेजा गया।