

मुर्शिदाबाद : मुर्शिदाबाद के शमशेरगंज थाने के डाकबंगला मोड़ पर सागरदिघी के MLA बायरन विश्वास के पुश्तैनी घर में शनिवार दोपहर भयानक आग लग गई। विधायक उस समय घर पर थे और वे भी आग से झुलस गए। सूत्रों के अनुसार उनका शरीर 30 फीसदी जल गया है। इस बीच, आग लगने से पूरा इलाका काले धुएं से ढक गया। स्थानीय लोगों ने स्थानीय पुलिस स्टेशन और धुलियान फायर स्टेशन को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर शमशेरगंज थाने की पुलिस और फायर स्टेशन की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। विधायक को उनके घर से एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया। सूचना मिलने पर रघुनाथगंज विधायक मोहम्मद अखरुज्जमां हॉस्पिटल पहुंचे। वहीं दमकल की पहुंची दो गाड़ियों ने थोड़ी देर की कोशिश के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, आग कैसे लगी, इस बारे में कुछ साफ नहीं है। विधायक के परिवार से किसी ने इस बारे में कुछ नहीं कहा। धुलियान फायर स्टेशन के अधिकारी मुजीबुर रहमान ने कहा कि अभी कुछ नहीं कहा जा सकता कि आग कैसे लगी। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही वजह का पता चलेगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा, बायरन बहुत बहुत अच्छा लड़का है। वह अपने कर्तव्य के प्रति काफी ईमानदार है। घटना के बारे सुनने के बाद से मैं बहुत दुखी हूं। मैं भगवान से उसके जल्दी ठीक होने की प्रार्थना कर रहा हूं। सूत्रों के मुताबिक, विधायक बायरन विश्वास पिछले कुछ समय से पारिवारिक कई दिक्कतों की वजह से मानसिक रूप से परेशान थे। सवाल यह है कि विधायक के घर में लगी आग सिर्फ एक हादसा थी या इसके पीछे कोई और वजह थी। शमशेरगंज थाने के एक पुलिस अधिकारी ने कहा, घटना की जांच की जा रही है।