हरियाणा जा रही प्रवासी श्रमिकों से भरी बस हुई दुर्घटनाग्रस्त

वोट डालने के बाद श्रमिक लौट रहे थे कार्यस्थल
हरियाणा जा रही प्रवासी श्रमिकों से भरी बस हुई दुर्घटनाग्रस्त
Published on

रानीगंज : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का मतदान संपन्न होने के बाद वापस अपने कार्यस्थल हरियाणा लौट रहे सुंदरवन के प्रवासी श्रमिकों की बस दुर्घटना का शिकार हो गई। रानीगंज थाना के आमरासोता पुलिस फांड़ी अंतर्गत मंगलपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर प्रवासी श्रमिकों को लेकर जा रही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे विज्ञापन बोर्ड के खंभे से जा टकरा गई। इस दुर्घटना में बस के ड्राइवर, एक महिला और बच्चे समेत 4 लोग घायल हुए, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बस के ड्राइवर को झपकी आने से यह हादसा हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह बस करीब 60 प्रवासी श्रमिकों को लेकर सुंदरवन के पाथरप्रतिमा से पुरानी दिल्ली होते हुए हरियाणा जाने के लिए रवाना हुई थी। आरोप है कि ड्राइवर की लापरवाही के कारण बस ने अपना संतुलन खो दिया और सड़क किनारे जाकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने न केवल घायलों को अस्पताल पहुंचाया, बल्कि सड़क से दुर्घटनाग्रस्त बस को हटवाकर यातायात सामान्य कराया और श्रमिकों के लिए वैकल्पिक बस की व्यवस्था की। बस में सवार यात्रियों ने बताया कि वे सभी मतदान करने के लिए अपने गांव आए थे और अब वापस काम पर लौट रहे थे। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि गांव और आसपास के इलाकों में रोजगार का कोई साधन नहीं होने के कारण उन्हें मजबूरी में हरियाणा जैसे दूर-दराज के राज्यों में जाना पड़ता है। नारायण बाउरी के अनुसार, हादसे में बस के ड्राइवर और खलासी को भी चोटें आई हैं। वहीं, एक अन्य यात्री सरस्वती ओझा ने आपबीती सुनाते हुए कहा कि वह अपने पति और बच्चे के साथ सफर कर रही थी, तभी अचानक तेज धमाके के साथ बस के शीशे टूटकर उन पर गिर गए, जिससे तीनों को चोटें आईं। हादसे के बाद सहमे हुए श्रमिक बाद में दूसरी बस से अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in