साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में ASI के सुरक्षा गार्ड की मौत

विष्णुपुर शहर के रास मंच इलाके ने हुआ यह हादसा
अस्पताल के बाहर मृतक के परिजन
अस्पताल के बाहर मृतक के परिजन
Published on: 

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा : जिले के ऐतिहासिक शहर विष्णुपुर में एक सड़क हादसे में एक सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब वह अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे और अचानक सामने आए एक साइकिल सवार को बचाने की कोशिश में उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरी।

मृतक की पहचान 36 वर्षीय प्रकाश माझी के रूप में हुई है। वह विष्णुपुर शहर के काला चांद मंदिर इलाके के रहने वाले थे और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) विभाग के अंतर्गत मंदिरों की सुरक्षा में प्राइवेट गार्ड के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रकाश माझी कल रात अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर से रासमंच के पास वाले रास्ते से राधेश्याम मंदिर ड्यूटी पर जा रहे थे।

रास्ते में विपरीत दिशा से अचानक एक साइकिल सवार उनके सामने आ गया। साइकिल सवार को बचाने की हड़बड़ी में उनका बाइक से नियंत्रण छूट गया और वह तेजी से सड़क किनारे जा गिरे। गिरने के दौरान उनका सिर सड़क के किनारे बनी नाली के कंक्रीट से जोरदार तरीके से टकरा गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और भारी खून बहने लगा।

अस्पताल में तोड़ा दम, इलाके में मातम

घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर दौड़े और तुरंत विष्णुपुर थाने को इसकी सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायल प्रकाश माझी को बेहद गंभीर हालत में विष्णुपुर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद ज्यादा खून बह जाने के कारण इलाज के दौरान कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।

इस अचानक हुई दुर्घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे काला चांद मंदिर इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News