शांताश्रम बाजार में पुआल से लदे चलती ट्रक में लगी आग

स्थानीय लोगों की तत्परता से टला बड़ा हादसा, ओवरलोडिंग पर विधायक ने जताई नाराजगी
आग बुझाते लोग
आग बुझाते लोग
Published on: 

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: इंदास के शांताश्रम बाजार में पुआल से लदे एक चलते हुए ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों और व्यापारियों की सूझबूझ से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना पूरा बाजार इसकी चपेट में आ सकता था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इंदास के कलाग्राम से एक छह पहिया ट्रक क्षमता से अधिक पुआल लादकर शांताश्रम बाजार की तरफ आ रहा था। शुरुआती अनुमान है कि बाजार के बीच से गुजर रहे नीचे लटके बिजली के तारों के संपर्क में आने से पुआल में आग लग गई। ओवरलोड होने के कारण खतरा और अधिक बढ़ गया था।

आग की लपटें उठते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, स्थानीय व्यापारियों ने बिना वक्त गंवाए टूलू पंप से पानी की बौछार शुरू कर दी और एक जेसीबी (अर्थमूवर) की मदद से पुआल को हटाया गया। भारी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। इस घटना में ट्रक का कुछ हिस्सा जल गया और सारा पुआल खाक हो गया, लेकिन समय रहते आग बुझ जाने से आसपास की दर्जनों दुकानें जलने से बच गईं।

सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक निर्मल कुमार धारा मौके पर पहुंचे और ओवरलोड वाहनों के बेखौफ संचालन पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने प्रशासन से ओवरलोडेड वाहनों पर पूर्ण रोक लगाने की मांग की है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। इस घटना ने एक बार फिर व्यस्त बाजारों में ओवरलोडेड वाहनों की आवाजाही और खतरनाक रूप से लटकते बिजली के तारों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News