

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी आज (गुरुवार) बांकुड़ा जिले के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन और सत्तारूढ़ दल के स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उनके आगमन को लेकर स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
आदिवासियों के 'बंधना पर्व' में होंगे शामिल
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री बांकुड़ा पहुंचने के बाद सबसे पहले दक्षिण बांकुड़ा के रायपुर इलाके में जाएंगे। यहां वे पारंपरिक आदिवासी पर्व 'बंधना' में शिरकत करेंगे और स्थानीय आदिवासी समुदाय के साथ उत्सव में शामिल होंगे।
फूड फेस्टिवल का करेंगे दीदार
रायपुर के कार्यक्रम के बाद सीएम बांकुड़ा शहर पहुंचेंगे, जहां इन दिनों भव्य फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान वे मेले का जायजा और व्यंजनों का आनंद लेंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर बुधवार को ही खाद्य मेला प्रांगण में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की गई। जिला अधिकारी अनीश दासगुप्ता, पुलिस अधीक्षक पीवीजी सतीश और अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया। प्रशासन ने मुख्यमंत्री की सुरक्षा और रूट को लेकर चाक-चौबंद व्यवस्था की है।
सर्किट हाउस में करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
फूड फेस्टिवल में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री का काफिला बांकुड़ा सर्किट हाउस पहुंचेगा। यहां उनके विश्राम के साथ-साथ पत्रकारों से मुखातिब होने और मीडिया से बातचीत करने का भी कार्यक्रम है।