हिंदी गाने पर पूर्व मंत्री ज्योत्सना मांडी के डांस का वायरल वीडियो

ज्योत्सना बोलीं- निजी पल उछाल रही भाजपा IT सेल, MLA का पलटवार
पूर्व मंत्री की वायरल तस्वीर
पूर्व मंत्री की वायरल तस्वीर
Published on: 

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा. सोशल मीडिया पर एक किशोरी के साथ हिंदी गाने पर थिरकती राज्य की पूर्व मंत्री ज्योत्सना मांडी का वीडियो वायरल होने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। वीडियो सामने आने के बाद जहां नेटिजेंस के बीच आलोचनाओं और टिप्पणियों का दौर शुरू हो गया है, वहीं ज्योत्सना मांडी ने निजी जीवन की गतिविधियों को हवा देने के लिए भाजपा IT सेल पर निशाना साधा है। दूसरी ओर, भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया है। हालांकि सन्मार्ग उक्त वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।

क्या है पूरा मामला?

हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में पूर्व मंत्री ज्योत्सना मांडी एक किशोरी के साथ हिंदी गाने पर डांस करती नजर आ रही हैं। वीडियो के तेजी से प्रसारित होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिक्रियाएं और कटाक्ष शुरू हो गए। विवाद बढ़ने पर ज्योत्सना मांडी ने सोशल मीडिया के जरिए अपना पक्ष रखा और पूरे घटनाक्रम के पीछे भाजपा के IT सेल को जिम्मेदार ठहराया।

ज्योत्सना मांडी ने दी यह सफाई

पूर्व मंत्री ज्योत्सना मांडी ने कहा कि उन्हें नृत्य पसंद है और विधायक व मंत्री रहने के दौरान वे सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में प्रस्तुति देती रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके निजी पलों को इस तरह उछाला जा रहा है। मांडी के मुताबिक, वे फिलहाल कुछ समय से सक्रिय राजनीति से दूरी बनाकर अपने परिवार को समय दे रही हैं।

भाजपा विधायक का पलटवार

बांकुड़ा के विधायक नीलाद्रि शेखर दाना ने भाजपा IT सेल पर लगे आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास किसी के निजी जीवन में झांकने का समय नहीं है, लेकिन साथ ही यह भी जोड़ा कि जनप्रतिनिधियों को अपने आचरण में और अधिक संयम बरतने की आवश्यकता है।

सियासी सफर और पृष्ठभूमि

ज्योत्सना मांडी तृणमूल के शासनकाल में जंगलमहल क्षेत्र की प्रमुख नेताओं में शुमार रहीं। वे 2016 से 2026 तक बांकुड़ा की रानीबांध विधानसभा सीट से विधायक चुनी गईं और आखिरी पांच वर्षों तक राज्य के खाद्य एवं आपूर्ति विभाग में राज्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाली। 2026 के चुनाव में पार्टी से टिकट न मिलने के बाद वे ऋतब्रत तृणमूल में शामिल हो गईं। अपने कार्यकाल के दौरान भी वे कई बार विवादों को लेकर चर्चा में रही हैं और अब वायरल वीडियो को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News