अवैध पोस्ता खेती को रोकने के लिए एक्शन मॉड में प्रशासन

डीआईजी ने पिंगरुई चर इलाके का औचक निरीक्षण
पिंगरुई चर इलाके का निरीक्षण करते डीआईजी अभिषेक मोदी व अन्य अधिकारी
पिंगरुई चर इलाके का निरीक्षण करते डीआईजी अभिषेक मोदी व अन्य अधिकारी
Published on: 

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: जिला अंतर्गत दामोदर नदी के दुर्गम टापुओं पर अवैध पोस्ता (अफीम) की खेती पर नकेल कसने के लिए प्रशासन ने अपने तेवर पूरी तरह से सख्त कर दिए हैं। इसी कड़ी में बुधवार को बांकुड़ा रेंज के डीआईजी (DIG) अभिषेक मोदी ने दामोदर नदी के तटवर्ती पिंगरुई गांव के चर इलाकों का औचक निरीक्षण किया।

इस उच्चस्तरीय दौरे के दौरान उनके साथ बांकुड़ा जिला के डीएसपी (DEB) और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

'जीरो पोस्ता कल्टीवेशन' का संकल्प

जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले उक्त क्षेत्र में अवैध रूप से पोस्ता की खेती किए जाने की खुफिया सूचना मिली थी। मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए, क्षेत्र में सघन निगरानी बनाए रखने और इलाके को 'जीरो पोस्ता कल्टीवेशन' (अवैध पोस्ता खेती मुक्त क्षेत्र) बनाने के उद्देश्य से यह औचक दौरा किया गया।

प्रशासन की दो टूक चेतावनी

निरीक्षण के बाद पुलिस अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी तरह की गैर-कानूनी गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध पोस्ता की खेती और इसके अवैध कारोबार को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए पुलिस ने अब बेहद कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इस पूरे इलाके पर लगातार और बेहद सख्त निगरानी रखी जाएगी, ताकि कानून से खिलवाड़ करने वाला कोई भी शख्स बच न सके।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News