

मुर्शिदाबाद : पुलिस ने भाजपा के पंचायत सदस्य को एक महिला से दुष्कर्म की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया है। भाजपा पंचायत सदस्य ने कथित तौर पर गांव में अपनी जान-पहचान वाली एक महिला को उसका आधार कार्ड और बैंक खाता लेकर उसे फरक्का के हाजरपुर गांव में अपने लॉज में बुलाया और उससे दुष्कर्म करने की कोशिश की। पता चला है कि गिरफ्तार भाजपा नेता का नाम दीपंकर दास (32) है। वह नयनसुख पंचायत का चुना हुआ भाजपा सदस्य है। उसका घर फरक्का के हाजरपुर इलाके में है। आरोप है कि गिरफ्तार भाजपा पंचायत सदस्य ने महिला को शौचागार बनवा देने का वादा किया था। उसने शुक्रवार को आधार कार्ड वेरिफिकेशन के लिए महिला को अपने लॉज में बुलाया। महिला जब वहां गई, तो भाजपा सदस्य ने उसे ऊपर अपने लॉज में चलने को कहा। वहीं जैसे ही वह लॉज में घुसी, भाजपा सदस्य लॉज का गेट बंद कर कथित तौर पर महिला को उसकी मर्जी के खिलाफ उसे जबरदस्ती घर के अंदर ले गया। महिला ने उससे अपने आपको छुड़ाने तथा चिल्लाने की कोशिश की, तो भाजपा सदस्य ने उसका मुंह दबा दिया और जान से मारने की धमकी दी। वहीं महिला किसी तरह अपने आपको छुड़ाकर वहां से भागी और फरक्का पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला ने आरोप लगाया कि एक ग्राम पंचायत सदस्य ने उसका आधार कार्ड लेकर उसे बुलाया और उससे दुष्कर्म करने की कोशिश की। वह इस घटना के बाद से मानसिक रूप से परेशान और बहुत डरी हुई है। फरक्का एसडीपीओ शेख शमसुद्दीन ने कहा, अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है।