चार दिनों से जलापूर्ति नहीं होने से नाराज सड़क उतरे लोग

कल्ला-गिरमिट मोड़ पर जलापूर्ति को लेकर लोगों ने किया सड़क जाम
चार दिनों से जलापूर्ति नहीं होने से नाराज सड़क उतरे लोग
Published on

आसनसोल : गर्मी का मौसम आने के पूर्व आसनसोल नगर निगम के विभिन्न इलाकों में जलापूर्ति परिसेवा ठप होने से लोगों का आक्रोश सातवें आसमान पर पहुंच गया है। लोग जलापूर्ति की मांग पर आंदोलन करने को मजबूर हो रहे हैं। शुक्रवार की शाम आसनसोल नगर निगम की वार्ड संख्या 14 के कल्ला- गिरमिट मोड़ के समीप हजारों की संख्या में महिला व पुरुषों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी सड़क पर बाल्टी, डेक्ची, गलसी आदि बर्तनों को रख कर विरोध जता रहे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते 4 दिनों से उनके इलाके में जलापूर्ति ठप होने से लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए तरसने पर मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि यहां हमेशा पानी की किल्लत से लोगों को दो-चार होना पड़ता है। वहीं जब स्थानीय पार्षद उत्पल सिन्हा को शिकायत की जाती है तो 1-2 दिनों तक जलापूर्ति ठीक होती है, लेकिन इसके बाद फिर लोगों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ता है। सूचना पाकर आसनसोल उत्तर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच कर आंदोलनकारियों से सड़क जाम हटाने की गुहार लगाती रही लेकिन लोगों पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा। करीब दो घंटे तक सड़क जाम होने से कल्ला - बाराबनी जाने वाली मुख्य सड़क पर गाड़ियों की लाइन लग गई। आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। पानी के लिए पथावरोध कर रहे लोगों के बीच भाजपा प्रदेश सदस्य कृष्णेंदु मुखर्जी पहुंचे। उन्होंने खुलकर आंदोलनकारियों का समर्थन किया। पुलिस व स्थानीय पार्षद उत्पल सिन्हा के आश्वासन के बाद पथावरोध हटाया गया।

क्या कहा भाजपा नेता ने

भाजपा के प्रदेश सदस्य कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि आसनसोल नगर निगम लोगों को जल परिसेवा प्रदान करने में नाकाम है। केंद्र सरकार द्वारा जलापूर्ति के लिए करोड़ों रुपये भेजती है फिर भी लोगों को प्यासा रहना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि तृणमूल के नेता भ्रष्टाचार में व्यस्त हैं। लोगों को परिसेवा देने के लिए उनके पास समय नहीं है। गर्मी पड़ने पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पानी के लिए हाहाकार मचना अभी बाकी है। उन्होंने कहा कि 24 घंटे के अंदर अगर जलापूर्ति आरंभ नहीं हुई तो भाजपा वृहद आंदोलन करेगी।

क्या कहा स्थानीय पार्षद ने

स्थानीय पार्षद सह बोरो चेयरमैन उत्पल सिन्हा ने कहा कि नयी पाइप बिछाने का काम चल रहा है। इस कारण जलापूर्ति प्रभावित हो रही है। लोगों की मांग जायज है। उनकी समस्या दूर करने के लिए टैंकर द्वारा जलापूर्ति की जाएगी। पाइप बिछाने के बाद इस इलाके की पानी की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in