

अंडाल : अंडाल थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मवेशी तस्करी की एक कोशिश को पूरी तरह नाकाम कर दिया है। पुलिस ने घेराबंदी कर 28 मवेशियों से लदे एक ट्रक को जब्त करते हुए ड्राइवर व खलासी समेत कुल 4 तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार से मवेशियों को ट्रक में लादकर कोलकाता और पूर्व बर्धमान की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर रविवार देर रात अंडाल मोड़ के पास NH-19 पर विशेष नाकेबंदी की गई। वहीं जैसे ही संदिग्ध ट्रक वहां पहुंचा, पुलिस टीम ने उसे रोककर जांच शुरू कर दी।
ट्रक से निकलीं गाय, भैंस और बछड़े, रानीगंज गौशाला भेजे गए
तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर क्रूरतापूर्वक ठूंसकर रखे गए 28 मवेशी बरामद हुए, जिनमें गाय, भैंस और बछड़े-बछिया शामिल हैं। पुलिस ने तुरंत सभी मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाला और रखरखाव के लिए रानीगंज स्थित एक गौशाला में भिजवा दिया। पुलिस ने विभिन्न कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में बिहार के भोजपुर जिले के मरहईया ढेरा गांव निवासी सुग्रीम यादव, पटना के डेढूर गांव निवासी दिलीप राय, बक्सर जिले के छोटका बिशपुर गांव निवासी धनजी मल्लाह और बरकी नैनीजोर गांव निवासी धोनोज यादव शामिल हैं। सोमवार को पुलिस ने चारों अभियुक्तों को दुर्गापुर अदालत में पेश किया।
क्या कहते हैं अधिकारी
आसनसोल-दुर्गापुर के ACP (अंडाल डिवीजन) दीप कुमार दास ने कहा, "मवेशियों को किस मकसद से और कहां ले जाया जा रहा था, इसका पता लगाने के लिए पुलिस हर पहलू से गहन जांच कर रही है।"