छठ पूजा से पहले भूतनाथ घाट का निरीक्षण करने पहुंची मंत्री अग्निमित्रा पॉल

सुरक्षा और सुविधा हमारी पहली प्राथमिकता है : मंत्री
छठ घाट का निरीक्षण करती मंत्री अग्निमित्रा पॉल एवं अन्य
छठ घाट का निरीक्षण करती मंत्री अग्निमित्रा पॉल एवं अन्य
Published on: 

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

बर्नपुर : छठ पूजा की तैयारियों को लेकर शनिवार को मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने नगर निगम टीम के साथ आसनसोल म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के वार्ड नंबर 97 के भूतनाथ मंदिर से सटे छठ घाट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अग्निमित्रा पॉल ने घाट की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, लाइटिंग, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से बातचीत कर घाट पर मौजूद कमियों को जल्द से जल्द दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु घाट पर आते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधा हमारी पहली प्राथमिकता है। पूजा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को कोई परेशानी न हो, इसके लिए निगम की तरफ से सभी जरूरी इंतजाम किए जाएंगे।अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि घाट की विशेष सफाई कराई जाए, पानी में सुरक्षा के लिए बैरिकेड लगाए जाएं, पर्याप्त रोशनी और पेयजल की व्यवस्था की जाए और महिला श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम जैसी सुविधाओं का ध्यान रखा जाए। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में वार्ड के अन्य छठ घाटों का भी इसी तरह निरीक्षण किया जाएगा ताकि छठ पूजा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।

मुख्यमंत्री ने हर घाट की तैयारी और सुरक्षा की विशेष जिम्मेदारी दी है : मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि चोरबगान में हुई दुर्घटना हम सभी के लिए एक चेतावनी है। इस घटना के लिए कहीं प्रशासनिक व्यवस्था की कमी, कहीं लापरवाही कुल मिलाकर हम सभी को आत्म-आलोचना करके भविष्य में और अधिक सतर्क होना होगा। उस अनुभव से सीख लेकर छठ पूजा के अवसर पर हर घाट पर सुरक्षा और सुव्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए हम विशेष रूप से प्रयासरत हैं। मुख्यमंत्री ने हर घाट की तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए मंत्रियों को विशेष जिम्मेदारी दी है। उसी निर्देश के अनुसार आज हमारे विभाग के द्वारा छठ पूजा घाटों का निरीक्षण किया गया। इस मौके पर आसनसोल म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के कमिश्नर और एडमिनिस्ट्रेटर दिलीप मिश्रा और नगर निगम के अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी, बोरो -7 के इंजीनियर , हीरापुर थाना के ओसी अखिलेश सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News