

दुर्गापुर : पानागढ़ औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक गैस कंपनी में कार्यरत वाहन ड्राइवर की ड्यूटी के दौरान मौत हो जाने के बाद परिजनों ने कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन किया और उचित मुआवजे की मांग उठाई। मृतक की पहचान कांकसा के कॉलोनी इलाके के निवासी 55 वर्षीय बाबलू हलदार के रूप में हुई है। इस संदर्भ में स्थानीय लोगों ने बताया कि बाबलू हलदार पानागढ़ इंडस्ट्रियल पार्क स्थित आदानी गैस कंपनी के लिए वाहन चलता था। वहीं कुछ दिन पहले वह गैस कैप्सूल से लदे वाहन को लेकर कोलकाता की ओर गया था। रास्ते में पूर्व बर्दवान जिले के रसूलपुर के पास एक रेलवे फाटक पर उसका वाहन खराब हो गया। इसके बाद आरपीएफ ने वाहन को जब्त कर पुलिस के हवाले कर दिया था। वाहन के दस्तावेजों में कथित गड़बड़ी और कानूनी जटिलताओं के कारण गाड़ी को वहीं रोक दिया गया था। परिजनों के अनुसार इस मामले की जानकारी कंपनी अधिकारियों को देने के बाद बाबलू हलदार को बार-बार पानागढ़ से रसूलपुर जाकर वाहन की देखरेख करनी पड़ रही थी। शनिवार को भी वह इसी सिलसिले में रसूलपुर गया था। वहां उसकी तबीयत खराब हो गई और समय पर किसी प्रकार की सहायता नहीं मिली। वहीं कुछ घंटे बाद वह सड़क किनारे बेहोश पड़ा मिला। सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना की खबर मिलते ही परिजन शव को पानागढ़ लेकर आए और कंपनी कार्यालय के सामने रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान लंबे समय तक चले प्रदर्शन के बाद कंपनी प्रबंधन की ओर से अंतिम संस्कार और श्राद्ध का खर्च वहन करने, मृतक की पत्नी को आजीवन पेंशन देने तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
कंपनी से सुरक्षा की मांग
कंपनी में कार्यरत अन्य ड्राइवरों ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। कंपनी के वाहन ड्राइवरों ने कहा कि ड्यूटी के दौरान पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिलती है। कंपनी में वाहनों की हालत भी काफी खराब है। ड्राइवर संघ लंबे समय से प्रबंधन को इस संबंध में शिकायत कर रहा है। सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में भी ऐसी दुखद घटनाएं सामने आ सकती हैं। फिलहाल घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है।