स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निजी अस्पताल के ब्लड बैंक में मारा छापा

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निजी अस्पताल के ब्लड बैंक में मारा छापा
Published on

अंडाल : अंडाल मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल परिसर में मंगलवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब स्वास्थ्य विभाग की दो सदस्यीय टीम अचानक छापेमारी करने पहुंच गई। टीम में स्वास्थ विभाग की दो महिला अधिकारी शामिल थीं। इस कार्रवाई से अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए। जानकारी के मुताबिक, राज्य स्वास्थ्य विभाग को ब्लड बैंक के कामकाज, लाइसेंस और रक्त वितरण (ब्लड सप्लाई) में गंभीर गड़बड़ियों से जुड़ी कई शिकायतें मिल रही थीं। माना जा रहा है कि इन्हीं शिकायतों का संज्ञान लेते हुए राज्यव्यापी जांच अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस कार्रवाई पर अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस बात को लेकर सस्पेंस बना हुआ है कि यह सिर्फ एक रूटीन इंस्पेक्शन था या फिर किसी पुख्ता शिकायत के आधार पर की गई कोई बड़ी कार्रवाई।

अधिकारियों ने खंगाले फाइल-रजिस्टर, ली स्टोरेज की तलाशी

बताया जा रहा है कि जांच टीम ने ब्लड बैंक के हर सेक्शन की बारीकी से पड़ताल की। अधिकारियों ने ब्लड स्टोरेज (रक्त भंडारण) की व्यवस्था और तापमान मैनेजमेंट को जांचा। लाइसेंस, नवीनीकरण और कागजातों की गहन स्क्रूटनी की। बुनियादी ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) और इमरजेंसी सुविधाओं का जायजा लिया। जांच के दौरान टीम ने अस्पताल के अधिकारियों से भी मैराथन पूछताछ की।

अस्पताल प्रबंधन ने झाड़ा पल्ला

इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए उक्त अस्पताल के डॉ. टीके राय ने कहा, "हमारे अस्पताल का इस ब्लड बैंक से कोई लेना-देना नहीं है। यह एक पूरी तरह अलग संस्था द्वारा संचालित किया जाता है। अस्पताल ने उन्हें सिर्फ अपना परिसर (कमरा) किराए पर दिया हुआ है।"

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in