लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सपा-कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं, इसलिए वे जनता का ध्यान भटकाने के लिए नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं।
BJP अध्यक्ष शनिवार को यहां पार्टी के राज्य मुख्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस बैठक में BJP के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, BJP के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह समेत कई प्रमुख लोग मौजूद थे।
बैठक को संबोधित करते हुए नवीन ने कहा, सपा-कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं, इसलिए वे जनता का ध्यान भटकाने के लिए नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने BJP पदाधिकारियों को नसीहत देते हुए कहा कि हमें विपक्ष के झांसे में नहीं आना है, हमें उप्र के विकास के लिए काम करना है।
नवीन ने कहा, किसी के दिल में अगर जगह बनानी है, तो उस तक पहुंचना पड़ेगा। आपको हर गांव में प्रवास करना है। हर घर, हर व्यक्ति तक पहुंचना है। BJP अध्यक्ष ने दावा किया कि वर्ष 2027 में भी लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत से उप्र में ‘डबल इंजन’ सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि ‘डबल इंजन’ की सरकार ने कार्यों का कीर्तिमान बनाया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि मोदी जी-योगी जी की जोड़ी ने उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाया है। उन्होंने BJP पदाधिकारियों को सलाह दी कि आपको हर मतदाता तक ‘डबल इंजन’ सरकार की योजनाओं एवं पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से पहुंचाना होगा।
नवीन ने कहा, प्रभु श्रीराम की भूमि, बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी तथा मथुरा की नगरी में मुझे जो सम्मान मिला, उससे मैं अभिभूत हूं। BJP प्रमुख ने जिला अध्यक्षों को सम्मान देने के लिए प्रेरित करते हुए कहा, हम लोगों ने तय किया है कि हर महीने योजना के अनुसार मंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर पदाधिकारियों की बैठक होगी। इस महीने से मैं अपना क्षेत्रीय प्रवास भी शुरू करूंगा।
नवीन ने कहा कि भाजपा के सभी सांसदों, विधायकों, मंत्रियों को अभी से हर मतदाता तक केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं एवं पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से पहुंचना होगा।
बूथ अध्यक्षों को प्रोत्साहित करते हुए BJP अध्यक्ष ने कहा, मैंने एक प्रयास शुरू किया है कि मुझे राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में सम्मान स्वरूप जितने अंग वस्त्र मिले हैं, उन्हें चुनावी राज्य के उन सभी बूथ अध्यक्षों को मेरे एक पत्र के साथ सम्मान स्वरूप भेंट किया जाए जो अच्छे तरीके से 'मन की बात' लगातार सुन रहे हैं और इसके बाद बूथों की बैठक कर रहे हैं।