कुशीनगर : उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के सेवराही थाना क्षेत्र के पिपराघाट गांव के देवनारायण टोला में बेटियों के प्रेम प्रंसग से नाराज पिता ने दो नाबालिग बेटों की मदद से दोनों बेटियों को कथित रूप से लाठी-डंडे से पीट-पीटकर मार डाला।
चौकीदार की तहरीर पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दोनों नाबालिग भाइयों को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद से पिता के अलावा अन्य परिजन और पड़ोसी घर से भाग गए हैं।
पुलिस के अनुसार सेवरही थाना क्षेत्र के पिपरा घाट के देवनारायण टोला निवासी रामप्रसाद मल्लाह की बेटियों लाली (20) और शीला (18) का गांव के दो युवकों के साथ प्रेम प्रसंग था। दोनों बहनें उनके साथ पिछले साल घर से कही चली गयी थीं। हालांकि करीब छह माह पूर्व दोनों लौट आईं। बाद में गांव वालों की मौजूदगी में पंचायत हुई। इसके बाद से वे अपने घर पर ही रह रही थीं।
पुलिस के मुताबिक रामप्रसाद ने सोमवार शाम अपने 14 और 12 साल के दो बेटों की मदद से दोनों बेटियों को कमरे में बंदकर दिया और लाठी डंडे से इतना पीटा कि दोनों की मौत हो गई। इसके बाद पिता घर से भाग गया, जबकि दोनों बेटे घर पर ही थे।
रात आठ बजे गांव के चौकीदार पिंटू यादव को कहीं से घटना की भनक लगी तो उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के अंदर दोनों बहनों की खून से लथपथ लाश मिली।
देर रात अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा, तमकुहीराज पुलिस क्षेत्राधिकारी जयंत कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंच गए और छानबीन की। फारेंसिक टीम के साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया।
पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला कि बेटियों के प्रेम प्रसंग और पूर्व में उनके अपने प्रेमियों के साथ घर से भाग जाने की घटना के बाद से रामप्रसाद दुखी था।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि मामला ऑनर किलिंग का है। प्रथम दृष्टया जांच में पिता व दो नाबालिग भाइयों के शामिल होने की बात सामने आई है। दोनों बहनों का अलग-अलग लड़कों से बात होती थी। पिता ने मना किया पर वे नहीं मानी तो इस वारदात को अंजाम दिया गया। अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। शवों कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।