संदीपन साहा को लेकर विरोध प्रदर्शन। PTI
टॉप न्यूज़

संदीपन साहा के घर के बाहर प्रदर्शन, लगे 'चोर-चोर' के नारे

पूर्व भाजपा उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल भी रहीं मौजूद

कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस से निष्कासित बेलियाघाटा के विधायक संदीपन साहा और उनके पिता, एंटाली के पूर्व विधायक स्वर्णकमल साहा के घर के बाहर गुरुवार को स्थानीय लोगों के एक समूह ने जोरदार प्रदर्शन किया। सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने झाड़ू और जूते लेकर विरोध जताया तथा "चोर-चोर" और "बाप चोर-बेटा चोर" के नारे लगाए।

गुरुवार सुबह एंटाली इलाके में स्थानीय लोगों के एक समूह ने विरोध मार्च निकाला, जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भी मौजूदगी देखी गई। इसके बाद मार्च संदीपन और स्वर्णकमल साहा के आवास के सामने पहुंचा। वहां माइक के जरिए उनके खिलाफ नारेबाजी की गई और घर के सामने प्रतीकात्मक रूप से झाड़ू और जूते टांगकर विरोध दर्ज कराया गया।

सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने संदीपन और स्वर्णकमल साहा पर भ्रष्टाचार, कटमनी मांगने, जबरन वसूली, फ्लैटों और मकानों पर अवैध कब्जा करने तथा लोगों को झूठे आश्वासन देकर पैसे ऐंठने जैसे गंभीर आरोप लगाए। स्थानीय लोगों का दावा है कि वे लंबे समय से इन कथित गतिविधियों से परेशान थे, जिसके कारण उन्हें विरोध प्रदर्शन के लिए सड़क पर उतरना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान एंटाली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की पूर्व उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल भी मौजूद थीं।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में तृणमूल कांग्रेस में हुए राजनीतिक घटनाक्रम के बीच संदीपन साहा को पार्टी से निष्कासित किया गया था। ऐसे में उनके आवास के सामने हुआ यह विरोध प्रदर्शन राज्य की राजनीति में चर्चा का नया विषय बन गया है। हालांकि प्रदर्शन के दौरान न तो संदीपन साहा और न ही स्वर्णकमल साहा सार्वजनिक रूप से नजर आए।

SCROLL FOR NEXT