ब्रेकअप कराने के लिए मिलेगी 2.8 लाख महीने की सैलरी! डेटिंग कंपनी ने निकाली अनोखी नौकरी 
टॉप न्यूज़

ब्रेकअप कराने के लिए मिलेगी 2.8 लाख महीने की सैलरी!

वैश्विक डेटिंग प्लेटफॉर्म Dating.com ने चीफ ब्रेकअप ऑफिसर की पार्ट-टाइम पोस्ट निकाली, ब्रेकअप पर सलाह देने वालों को हर महीने 3,000 डॉलर तक कमाने का मौका

अगर आपके दोस्त अक्सर ब्रेकअप की सलाह लेने आपके पास आते हैं, या आपका खुद का 2 से 3 बार ब्रेकअप हो चुका है, तो यह नौकरी आपके लिए हो सकती है। वैश्विक डेटिंग प्लेटफॉर्म Dating.com ने Chief Breakup Officer (CBO) के पद के लिए आवेदन मांगे हैं। इस पार्ट-टाइम नौकरी के लिए कंपनी हर महीने 3,000 डॉलर (करीब 2.8 लाख रुपये) का भुगतान करेगी।

क्या होगा Chief Breakup Officer का काम?

इस पद पर चुने गए व्यक्ति का काम उन लोगों की मदद करना होगा जो अपना रिश्ता खत्म करना चाहते हैं, लेकिन सही शब्द और तरीका नहीं ढूंढ़ पा रहे हैं। CBO संबंधित व्यक्ति की स्थिति को समझेगा, बातचीत का सही तरीका और लहजा तय करेगा, जरूरत पड़ने पर कॉल पर शामिल होकर ब्रेकअप की प्रक्रिया पूरी कराने में मदद करेगा।

इसके अलावा, हर मामले का आकलन करते हुए उसे तीन श्रेणियों Easy Exit (आसान ब्रेकअप), Complicated (जटिल मामला) और Complete Disaster (बेहद मुश्किल स्थिति) में बांटना होगा।

कौन कर सकता है आवेदन?

  • कंपनी ने इस पद के लिए कुछ अनोखी योग्यताएं भी तय की हैं। उम्मीदवार के पास

  • कम से कम तीन ब्रेकअप का अनुभव हो।

  • दोस्तों के बीच रिश्तों से जुड़े मुश्किल मामलों में भरोसेमंद सलाहकार माना जाता हो।

  • भावनात्मक दबाव में भी शांत रहकर सही फैसला लेने में सक्षम हो।

  • रिलेशनशिप, सिचुएशनशिप और "It's Complicated" जैसे आधुनिक रिश्तों की बारीकियों को अच्छी तरह समझता हो।

आवेदन में क्या देना होगा?

इच्छुक उम्मीदवारों को अपने जीवन के सबसे सफल ब्रेकअप की कहानी साझा करनी होगी। इसमें बताना होगा कि रिश्ता कैसे खत्म किया, क्या कहा और उन्हें क्यों लगता है कि उन्होंने स्थिति को सम्मानजनक तरीके से संभाला। इसके साथ एक मोटिवेशन लेटर भी देना होगा, जिसमें यह समझाना होगा कि वे इस भूमिका के लिए सबसे उपयुक्त क्यों हैं।

क्या है कंपनी का उद्देश्य?

Dating.com का कहना है कि इस अनोखी पहल का मकसद लोगों को रिश्ते खत्म करते समय ईमानदारी, सम्मान और संवेदनशीलता के साथ बातचीत करने में मदद करना है, ताकि ब्रेकअप अनावश्यक तनाव और तकलीफ के बजाय परिपक्व तरीके से हो सके।

SCROLL FOR NEXT