राजनीति को अलविदा! पूर्व TMC मंत्री स्नेहाशीष चक्रवर्ती ने सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान किया PTI
टॉप न्यूज़

पूर्व मंत्री स्नेहाशीष चक्रवर्ती ने राजनीति को कहा 'अलविदा'!

बोले - 'शुभेंदु को काम करने का मौका मिलना चाहिए

Roshni Shaw

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद तृणमूल कांग्रेस के कई नेताओं के तेवर बदलते नजर आ रहे हैं। इसी बीच राज्य के पूर्व परिवहन मंत्री स्नेहाशीष चक्रवर्ती ने सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। गुरुवार को हुगली के कनाईपुर स्थित अपने आवास पर उन्होंने कहा कि अब वह किसी भी राजनीतिक दल से जुड़कर सक्रिय राजनीति नहीं करेंगे। हालांकि, वह लेखन और राजनीतिक चर्चाओं में भाग लेते रहेंगे।

जंगीपाड़ा विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ महज 850 वोटों से हारने वाले स्नेहाशीष चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से ही राजनीतिक गतिविधियों से दूर थे। उन्होंने वर्तमान राजनीतिक संस्कृति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कुत्सा, दुष्प्रचार, प्रतिशोध की राजनीति और अशोभनीय भाषा के माहौल में खुद को ढाल पाना उनके लिए संभव नहीं है।

तृणमूल की हार पर उन्होंने कहा कि अभिषेक बनर्जी ने पूरी कोशिश की, लेकिन यदि जिला स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ उनका और अधिक प्रत्यक्ष संवाद होता, तो परिणाम बेहतर हो सकते थे। वहीं, नई भाजपा सरकार को लेकर स्नेहाशीष ने कहा कि जनता ने शुभेंदु अधिकारी को जनादेश दिया है, इसलिए सरकार को काम करने का अवसर मिलना चाहिए। अब यह देखना होगा कि नई सरकार जनता की अपेक्षाओं पर कितनी खरी उतरती है।

SCROLL FOR NEXT