अभिषेक बनर्जी: पहुंची सीआईडी PTI
टॉप न्यूज़

अभिषेक बनर्जी के घर फिर पहुंची सीआईडी टीम

तीसरी नोटिस देने कालीघाट गई टीम

कोलकाता : कथित हस्ताक्षर जालसाजी मामले की जांच के सिलसिले में सोमवार को सीआईडी की एक टीम तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पहुंची। अधिकारियों ने वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों से बातचीत कर उन्हें नयी नोटिस सौंपी। सूत्रों के अनुसार, अभिषेक को मंगलवार को जांच में शामिल होने के लिए कहा गया है।

इससे पहले सीआईडी उन्हें दो बार नोटिस जारी कर चुका है। नवीनतम नोटिस के अनुसार उन्हें सोमवार तक भवानी भवन में उपस्थित होना था, लेकिन वह पेश नहीं हुए। फिलहाल अभिषेक दिल्ली में हैं, जहां उन्होंने सोमवार को विपक्षी गठबंधन इंडिया की बैठक में भाग लिया। विवाद उस प्रस्तावित पत्र को लेकर है, जिसे विधानसभा अध्यक्ष रथीन्द्र बसु को भेजा गया था। आरोप है कि पत्र पर कुछ तृणमूल विधायकों के फर्जी हस्ताक्षर थे। इस मुद्दे को सबसे पहले उलूबेड़िया पूर्व के विधायक ऋतब्रत बनर्जी और इंटाली के विधायक संदीपन साहा ने सार्वजनिक रूप से उठाया था। शिकायत के आधार पर दर्ज एफआईआर के बाद पुलिस और सीआईडी संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं। अभिषेक ने पहले पूछताछ के लिए 14 दिनों की मोहलत मांगी थी, लेकिन एजेंसी ने उनका अनुरोध स्वीकार नहीं किया। ऐसे में तीसरी नोटिस के बाद अब उनकी अगली कानूनी और राजनीतिक रणनीति पर नजरें टिकी हैं।

SCROLL FOR NEXT