सवाई माधोपुर में किसानों ने किया जाम  
राजस्थान

सवाई माधोपुर में पांचना बांध से नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग

किसानों ने दी चेतावनी- समय पर पानी नहीं मिला तो आंदोलन और उग्र होगा

Santosh Sharma

जयपुर : सवाई माधोपुर जिले में बड़ी संख्या में किसानों ने पांचना बांध से नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग करते हुए मंगलवार को प्रदर्शन किया।

पुलिस ने बताया कि गंगापुर सिटी इलाके के खंडीप रेलवे स्टेशन के पास प्रदर्शन कर रहे किसान बड़ी संख्या में दिल्ली-मुंबई रेल लाइन पर जमा हो गए और पांचना बांध से नहरों में पानी न छोड़े जाने को लेकर प्रदर्शन किया।

पुलिस के अनुसार किसान मंगलवार दोपहर रेलवे फाटक के पास जमा हुए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने कहा कि वे खरीफ फसल की बुवाई के लिए 'सिंचित क्षेत्र' में तुरंत पानी छोड़े जाने की मांग कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने फाटक को बंद नहीं करने दिया और लगभग डेढ़ घंटे तक रेललाइन से गुजरते रहे।

इस दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता पैदा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत करने के लिए प्रदर्शनकारियों से बातचीत शुरू की।

पुलिस ने कहा कि व्यस्त रेल मार्ग पर कोई अप्रिय घटना न हो यह सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त बल तैनात किया गया।

पुलिस ने बताया कि हालांकि विरोध प्रदर्शन के दौरान रेलगाड़ियों की आवाजाही में कोई रुकावट नहीं आई क्योंकि उस समय उस खंड से कोई रेल नहीं गुज़री। बाद में हालात काबू में आने पर एक एक्सप्रेस ट्रेन वहां से गुजरी।

पुलिस ने बताया कि महस्वा व रैला सहित आसपास के गांवों से आए प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही पानी नहीं छोड़ा गया तो वे अपना आंदोलन और तेज़ करेंगे। पुलिस ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है और हालात पर नजर रखी जा रही है।

SCROLL FOR NEXT