प्रतुल शाहदेव  
झारखंड

BJP का हमला : झारखंड में ‘इंडिया’ गठबंधन की फूट उजागर

राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार की हार के बाद BJP ने आरोप लगाया कि पूरा गठबंधन केवल ‘लूट और भ्रष्टाचार’ के साझा एजेंडे पर चल रहा है

रांची : झारखंड में विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शुक्रवार को दावा किया कि एक दिन पहले राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार की हार के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन के भीतर की दरार और गहरी हो गई है।

BJP ने यह भी आरोप लगाया कि ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) ‘लूट और भ्रष्टाचार’ के एकमात्र साझा कार्यक्रम पर चल रहा है।

‘क्रॉस-वोटिंग’ के बीच राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी ने गुरुवार को झारखंड की 2 राज्यसभा सीट में से एक पर कांग्रेस के प्रणव झा को हराकर जीत दर्ज की। दूसरी सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम निर्वाचित हुए।

राज्य की 81 सदस्यीय विधानसभा में राज्यसभा सीट सुरक्षित करने के लिए न्यूनतम 28 प्रथम-वरीयता मतों की आवश्यकता होती है, जबकि BJP के नेतृत्व वाले NDA के पास 24 विधायक (जरूरी आंकड़ों से 4 कम) थे। सदन में JMM और कांग्रेस सहित 'इंडिया' गठबंधन के 56 सदस्य हैं।

BJP की प्रदेश इकाई के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा, चुनाव परिणामों ने सत्तारूढ़ गठबंधन की पोल खोल दी है। कांग्रेस ने RJD(राष्ट्रीय जनता दल) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन पर विश्वासघात का आरोप लगाया है, जबकि RJD ने झारखंड कांग्रेस प्रभारी को 'बिकाऊ' कहा है। पूरा गठबंधन केवल एक ही साझा कार्यक्रम पर चल रहा है, और वह है लूट और भ्रष्टाचार।

कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू ने राजद और CPI (ML)Lपर ‘विश्वासघात’ का आरोप लगाया था। इसके जवाब में, राजद ने कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर उंगली उठाने से पहले आत्ममंथन करना चाहिए, जबकि CPI (ML)Lने भी इन आरोपों की कड़ी निंदा की।

झारखंड सरकार में RJD के मंत्री संजय प्रसाद यादव ने शुक्रवार को कहा कि RJD और CPI(ML)L को बदनाम किया जा रहा है, जबकि कांग्रेस इस चुनाव में अपने खुद के विधायकों के वोट हासिल करने में भी नाकाम रही।

संजय प्रसाद यादव ने आरोप लगाया, हाल में बिहार राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के विधायक BJP के पक्ष में मतदान करते हुए रंगे हाथों पकड़े गए थे। अब वे विश्वासघात के आरोप लगा रहे हैं। ऐसा करना राजद के खून में नहीं है।

इस चुनाव में नाथवानी को 28 मत मिले जबकि झा को केवल 20 मतों से संतोष करना पड़ा। वहीं, JMM के राम को 30 मत प्राप्त हुए, जबकि 3 वोट अमान्य घोषित कर दिए गए जिनमें 2 BJP के और एक कांग्रेस का था।

राजद के राष्ट्रीय महासचिव भोला प्रसाद यादव ने कहा, मैं कांग्रेस झारखंड प्रभारी के. राजू के आरोपों की निंदा करता हूं और सुझाव देता हूं कि पार्टी आत्मनिरीक्षण करे। मैं पार्टी का पोलिंग एजेंट था। मतदान के बाद, मैंने अपने पार्टी आलाकमान और झारखंड के मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया था कि RJD के सभी 4 वोट कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में पड़े थे। यह निराधार आरोप कांग्रेस की अपनी गलतियों को छिपाने के लिए लगाया गया है।

भाकपा (माले) लिबरेशन के राज्य सचिव मनोज भक्त ने भी कहा कि पार्टी के दोनों विधायकों ने ‘इंडिया’ गठबंधन के उम्मीदवार के पक्ष में ही अपना वोट डाला था। उन्होंने आरोप लगाया, यह कांग्रेस है, जो अपने विधायकों को संभाल नहीं सकी। कांग्रेस का बिकाऊ होने का पुराना इतिहास रहा है।

SCROLL FOR NEXT