बातचीत बंद होने पर दोस्तों ने किया अनोखा मजाक, लगा दिए लापता के पोस्टर 
देश/विदेश

दोस्त हुआ नाराज तो शहर में लगा दिए ‘गुमशुदगी’ के पोस्टर

बातचीत बंद होने पर दोस्तों ने किया अनोखा मजाक, सिगरेट की डिब्बी रखा इनाम; शिकायत के बाद पुलिस ने दी चेतावनी

ऋषिकेशः दोस्ती में हुई एक मामूली नाराजगी उस समय पुलिस तक पहुंच गई, जब कुछ युवकों ने अपने रूठे दोस्त को मनाने के लिए ऐसा मजाक कर दिया, जो बाद में उनके लिए परेशानी का कारण बन गया। दोस्तों ने युवक को ‘लापता’ बताते हुए उसकी तस्वीर वाले पोस्टर शहर की दीवारों पर चस्पा कर दिए और उसे खोजने वाले के लिए सिगरेट की एक डिब्बी इनाम के रूप में घोषित कर दी। मामला सामने आने के बाद युवक के परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। इसके बाद संबंधित युवकों को थाने बुलाकर पूछताछ की गई तब मामला सामने आया।

नाराजगी के बाद बंद हो गई थी बातचीत

जानकारी के अनुसार रेलवे सड़क क्षेत्र निवासी एक युवक एक निजी संस्था में कार्यरत है। कुछ समय पहले उसकी अपने तीन दोस्तों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद के बाद उसने दोस्तों से बातचीत पूरी तरह बंद कर दी।

कई दिनों तक संपर्क न होने पर दोस्तों ने उसे मनाने के लिए एक अनोखा और कथित तौर पर हास्यपूर्ण तरीका अपनाने की योजना बनाई। हालांकि उनका यह प्रयास बाद में विवाद का कारण बन गया।

‘गुमशुदा’ बताकर छपवाए पोस्टर

युवकों ने अपने दोस्त की तस्वीर के साथ ‘गुमशुदा’ शीर्षक से पोस्टर तैयार करवाए। पोस्टरों में युवक की फोटो लगाई गई और उसे ढूंढकर लाने वाले के लिए सिगरेट की डिब्बी इनाम के तौर पर देने की बात लिखी गई।

इसके बाद ये पोस्टर शहर के विभिन्न स्थानों, विशेषकर अंतरराज्यीय बस अड्डा परिसर और आशुतोष नगर क्षेत्र की दीवारों पर लगा दिए गए।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

पोस्टर लगाने के बाद युवकों ने उसका वीडियो भी तैयार किया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा कर दिया। देखते ही देखते वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

मामले ने तब गंभीर रूप ले लिया जब युवक और उसके परिवार के लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो देख लिया। पोस्टर और वीडियो को लेकर परिवार ने नाराजगी जताई और इसे अनुचित बताते हुए पुलिस से शिकायत कर दी।

शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस

परिजनों की शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और पोस्टर लगाने वाले युवकों में से एक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया।

पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि उनका उद्देश्य किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं था। उनका दोस्त कई दिनों से उनसे बात नहीं कर रहा था और वे केवल उसे मनाने तथा मजाक करने के इरादे से यह सब कर रहे थे।

पुलिस ने दी सख्त चेतावनी

प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि मामले में शामिल सभी युवकों को थाने बुलाकर समझाइश दी गई। साथ ही उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति की तस्वीर या पहचान का इस तरह सार्वजनिक इस्तेमाल करना और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करना गंभीर परिणाम पैदा कर सकता है। इसलिए युवकों को भविष्य में ऐसी हरकतों से बचने की चेतावनी दी गई।

SCROLL FOR NEXT