PM मोदी की तारीफ कर चर्चा में TMC के ये नेता, Mamata को लगने वाला है तगड़ा झटका !

12 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री मोदी को दी बधाई, बागी सांसदों की सूची में नाम आने पर भी TMC छोड़ने की अटकलों को किया खारिज
PM मोदी की तारीफ कर चर्चा में TMC के ये नेता, Mamata को लगने वाला है तगड़ा झटका !
Published on

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उनके इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है, खासकर ऐसे समय में जब TMC के कथित बागी सांसदों की सूची में उनका नाम भी सामने आया है।

शत्रुघ्न सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “सच्ची खेल भावना के साथ हमारे मित्र, देश और समाज के मार्गदर्शक, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को कार्यालय में 12 वर्ष पूरे करने पर हार्दिक शुभकामनाएं। हम उनके लंबे, स्वस्थ और समृद्ध जीवन की कामना करते हैं।”

बागी गुट में शामिल होने से किया इनकार

प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ के बाद राजनीतिक अटकलें तेज हो गईं, लेकिन शत्रुघ्न सिन्हा ने साफ कर दिया कि वह तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी के साथ मजबूती से खड़े हैं।

उन्होंने कहा, “मेरे बारे में कई तरह की बातें कही जा रही हैं। कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि मैं बागी गुट का हिस्सा हूं, लेकिन यह पूरी तरह गलत है। मैं दीदी का साथ कभी नहीं छोड़ूंगा।”

‘मुश्किल समय में ममता बनर्जी मेरे साथ खड़ी रहीं’

शत्रुघ्न सिन्हा ने ममता बनर्जी के प्रति अपनी निष्ठा दोहराते हुए कहा कि जब उनके राजनीतिक जीवन में कठिन दौर था, तब ममता बनर्जी उनके साथ खड़ी थीं।

उन्होंने कहा, “मुश्किल समय में दीदी ने मेरा साथ दिया था। मैं भी हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहूंगा। उनके कहने पर ही मैंने आसनसोल से चुनाव लड़ा था।”

भाजपा से TMC तक का सफर

शत्रुघ्न सिन्हा लंबे समय तक भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री रहे। 2019 में उन्होंने भाजपा छोड़कर कांग्रेस के टिकट पर पटना साहिब से लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

इसके बाद 2022 में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस का दामन थामा और आसनसोल लोकसभा उपचुनाव जीतकर संसद पहुंचे। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने TMC उम्मीदवार के रूप में आसनसोल सीट बरकरार रखी।

प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ और ममता बनर्जी के प्रति वफादारी के बीच शत्रुघ्न सिन्हा का यह बयान पश्चिम बंगाल की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in