सियोल : वैश्विक सेमीकंडक्टर शेयरों में तेज बिकवाली का असर दक्षिण कोरिया के शेयर बाजार पर भी देखने को मिला। गुरुवार को देश का प्रमुख सूचकांक कोस्पी कारोबार के दौरान करीब 8 प्रतिशत तक लुढ़क गया। हालांकि, सत्र के अंत में इसमें कुछ सुधार हुआ और यह 7.89 प्रतिशत की गिरावट के साथ 7,648 अंक पर बंद हुआ। यह लगातार दूसरा कारोबारी दिन है जब बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई।
बाजार पर सबसे अधिक दबाव देश की दो प्रमुख चिप निर्माता कंपनियों Samsung Electronics और SK Hynix के शेयरों से आया। SK Hynix का शेयर 14.57 प्रतिशत टूट गया, जबकि पिछले एक सप्ताह में इसमें 23 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की जा चुकी है। वहीं Samsung Electronics का शेयर 9.06 प्रतिशत फिसल गया और साप्ताहिक आधार पर इसमें करीब 19 प्रतिशत की कमजोरी आ चुकी है।
विशेषज्ञों के अनुसार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सेमीकंडक्टर सेक्टर को लेकर वैश्विक स्तर पर कमजोर निवेश धारणा का असर इन कंपनियों के शेयरों पर साफ दिखाई दे रहा है।
तेज बिकवाली के चलते दक्षिण कोरिया के एक्सचेंज को करीब 20 मिनट के लिए ट्रेडिंग रोकनी पड़ी। हालांकि, कारोबार दोबारा शुरू होने के बाद भी बाजार में दबाव कम नहीं हुआ। कोस्पी इंडेक्स में Samsung Electronics और SK Hynix का बड़ा वेटेज होने के कारण इन दोनों शेयरों की गिरावट का सीधा असर पूरे बाजार पर पड़ा।
एक दिन पहले अमेरिकी शेयर बाजार में भी टेक्नोलॉजी और चिप कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। Nasdaq 0.66 प्रतिशत नीचे बंद हुआ, जबकि Micron Technology और Sandisk Corp के शेयर 10 प्रतिशत से अधिक टूट गए। इसी नकारात्मक संकेत का असर गुरुवार को एशियाई बाजारों पर भी देखने को मिला।
जापान और चीन के बाजार भी दबाव में
दक्षिण कोरिया के अलावा एशिया के अन्य प्रमुख बाजारों में भी कमजोरी रही। जापान का निक्केई करीब 2 प्रतिशत गिर गया, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट 2 प्रतिशत से अधिक लुढ़क गया। चीन की प्रमुख चिप निर्माता Semiconductor Manufacturing International (SMIC) और Hua Hong Grace के शेयरों में भी तेज गिरावट दर्ज की गई।
हालिया बिकवाली के बावजूद दक्षिण कोरिया का शेयर बाजार इस वर्ष अब भी मजबूत बढ़त बनाए हुए है। कोस्पी इंडेक्स 2026 में अब तक करीब 77 प्रतिशत चढ़ चुका है। Samsung Electronics और SK Hynix जैसे सेमीकंडक्टर शेयरों ने इस तेजी में अहम भूमिका निभाई है, हालांकि पिछले कुछ कारोबारी सत्रों में इनमें मुनाफावसूली का दबाव बढ़ा है।
भारतीय आईटी शेयरों में दिखी मजबूती
जहां एशियाई बाजारों में चिप शेयरों पर दबाव रहा, वहीं भारतीय शेयर बाजार में आईटी कंपनियों ने शानदार प्रदर्शन किया। निफ्टी आईटी इंडेक्स में चार प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई। टीसीएस, इंफोसिस, एचसीएल टेक, विप्रो, पर्सिस्टेंट सिस्टम्स और कोफोर्ज जैसे प्रमुख आईटी शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली।