चोरी के गहने बेचकर प्रेमिका संग मनाया 'प्री-हनीमून'

पड़ोसी के घर से चुराए थे 13 लाख के गहने, घटना सरसुना थाना इलाके की है
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : पड़ोसी के फ्लैट से करीब 13 लाख रुपये के सोने के गहने और नकदी चोरी कर प्रेमिका के साथ उत्तर बंगाल के पर्यटन स्थलों पर ऐश करना एक युवक को महंगा पड़ गया। लालबाजार के डिटेक्टिव विभाग ने सरसुना इलाके से आरोपी अनिक भट्टाचार्य और उसकी प्रेमिका सुष्मिता हलदर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस चोरी के बाकी गहनों की बरामदगी के लिए कोलकाता और सिलीगुड़ी की कई ज्वेलरी दुकानों में छापेमारी कर रही है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस और अदालत सूत्रों के अनुसार, मई की शुरुआत में सरसुना स्थित एक चार मंजिली इमारत के चौथे तल पर स्थित फ्लैट का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 13 लाख रुपये के सोने के गहने और नकदी चोरी कर ली थी। चोरी का खुलासा उस समय हुआ जब फ्लैट की सफाई के लिए पहुंचे एक व्यक्ति ने दरवाजा टूटा देखा और घटना की जानकारी दी। बताया गया कि आरोपी अनिक भट्टाचार्य का मकान मालिक से अच्छा परिचय था। सूचना मिलने पर उसने खुद को संदेह से दूर रखने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम (100 नंबर) पर फोन कर दावा किया कि उसके भूतल स्थित फ्लैट और चौथी मंजिल के फ्लैट—दोनों में चोरी हुई है। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों फ्लैटों की जांच की। हालांकि, अनिक के फ्लैट में कथित चोरी की परिस्थितियां संदिग्ध लगने पर पुलिस को उस पर शक हुआ, लेकिन उस समय उसके खिलाफ पर्याप्त सबूत नहीं थे। चौथी मंजिल के फ्लैट के मालिक की शिकायत पर लालबाजार के डिटेक्टिव विभाग की एंटी बर्गलरी सेक्शन ने जांच शुरू की। जांच के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज में हेलमेट पहने एक व्यक्ति को घटनास्थल से निकलते देखा गया। तकनीकी विश्लेषण और अन्य सुरागों के आधार पर जांचकर्ताओं का शक अनिक भट्टाचार्य पर गहराता गया।

बार-बार सिम कार्ड बदल रहा था अभियुक्त

पुलिस के अनुसार, शक होने के बाद अनिक ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और लगातार चार सिम कार्ड बदले ताकि उसकी लोकेशन का पता न चल सके। जांच में यह भी सामने आया कि उसकी पत्नी के साथ संबंध खराब थे और उसका सुष्मिता हलदर नाम की युवती से प्रेम संबंध था। जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी निगरानी से पता चला कि चोरी के बाद अनिक और सुष्मिता उत्तर बंगाल पहुंच गए थे। दोनों ने चोरी के गहनों का कुछ हिस्सा सिलीगुड़ी की एक ज्वेलरी दुकान में बेच दिया। इसी रकम से उन्होंने दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, लाटागुड़ी और डुआर्स के महंगे रिसॉर्ट और होम-स्टे में लगभग एक महीने तक घूमकर समय बिताया। इस दौरान वे लग्जरी कारों से विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी करते रहे। पुलिस के मुताबिक दोनों बीच में एक बार कोलकाता लौटे, कुछ और गहने बेचकर फिर डुआर्स चले गए। करीब एक महीने बाद वे वापस कोलकाता आए और सरसुना में एक मकान किराये पर लेकर पति-पत्नी के रूप में रहने लगे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि अनिक ने सुष्मिता से पत्नी को तलाक देने के बाद शादी करने का वादा किया था। लगातार सिम कार्ड बदलने के बावजूद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों की मौजूदगी का पता लगा लिया। इसके बाद सरसुना स्थित किराये के मकान में छापेमारी कर अनिक भट्टाचार्य और सुष्मिता हलदर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने सिलीगुड़ी और कोलकाता की कई ज्वेलरी दुकानों में छापेमारी कर कुछ चोरी के गहने बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि शेष गहनों की बरामदगी के लिए अभियान जारी है।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in