INDIA vs BHARAT: देश के नाम को लेकर सियासत तेज, कई बड़े नेताओं ने दी प्रतिक्रिया | Sanmarg

INDIA vs BHARAT: देश के नाम को लेकर सियासत तेज, कई बड़े नेताओं ने दी प्रतिक्रिया

नई दिल्ली: जी-20 समिट को लेकर नई दिल्ली में तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। जी-20 डिनर के निमंत्रण पत्र में देश का नाम इंडिया के बदले भारत लिखने पर सियासी बयानबाजी तेज है। विपक्ष दल I.N.D.I.A गठबंधन के नेताओं ने केंद्र सरकार पर हमला किया है। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस के नेताओं ने मोदी सरकार पर देश का नाम बदलने का आरोप लगाया है। जबकि बीजेपी ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

जी-20 डिनर के निमंत्रण में राष्ट्रपति को ‘प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया’ की जगह ‘प्रेसिडेंट ऑफ भारत’ लिखने को लेकर बहस तेज है। इस बार भारत जी-20 शिखर सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। नौ से 10 सितंबर तक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यह सम्मेलन होगा। इसमें दुनिया के कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन भी शामिल होंगे।

कांग्रेस का आरोप

इस मामले पर कांग्रेस ने केंद्र पर हमला किया है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर लिखा कि यह खबर वास्तव में सच है। राष्ट्रपति भवन ने जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए नौ सितंबर को ‘प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया’ के बजाय ‘प्रेसिडेंट ऑफ भारत’ के नाम पर निमंत्रण भेजा है। संविधान में अनुच्छेद 1 में लिखा है: भारत, अर्थात इंडिया, राज्यों का एक संघ होगा, लेकिन अब इस ‘राज्यों के संघ’ पर भी हमले हो रहे हैं। उन्होंने पीएम मोदी पर इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया।

सीएम ममता बनर्जी का केंद्र पर हमला

जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल की सीएम और तृणमूल कांग्रेस (TMC) की चीफ ममता बनर्जी ने कोलकाता में केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के इतिहास को फिर से लिखने की कोशिश की जा रही है। मैंने सुना है कि भारत का नाम बदला जा रहा है। माननीय राष्ट्रपति के नाम से भेजे गए जी20 के निमंत्रण पत्र पर भारत लिखा हुआ है। हम देश को भारत कहते हैं, इसमें नया क्या है? अंग्रेजी में हम इंडिया कहते हैं…कुछ भी नया नहीं है। दुनिया हमें इंडिया के नाम से जानती है। अचानक देश के नाम को बदलने की जरूरत पड़ गई?

BJP घबराई हुई है- अरविंद केजरीवाल

दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि हम से BJP घबराई हुई है। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) अपना नाम भारत रख ले तो क्या बीजेपी देश का नाम भारत से बदलकर कुछ और रख देगी। उन्होंने कहा, ‘‘इसके बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है, लेकिन मैंने अफवाहें सुनी हैं। ऐसा क्यों हो रहा है? केजरीवाल ने केंद्र पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूछा कि कुछ पार्टियां ‘इंडिया’ गठबंधन बनाने के लिए एक साथ आई हैं। अगर ‘इंडिया’ गठबंधन अपना नाम बदलकर ‘भारत’ कर लेता है तो क्या वे भारत का नाम बदल देंगे?

विपक्षी गठबंधन से डर गए पीएम- तेजस्वी

बिहार के डिप्टी सीएम और RJD नेता तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि पहले पीएम मोदी कहते थे कि वोट फॉर इंडिया तो ऐसे में अब डरे क्यों हुए हैं? इससे पता चलता है कि पीएम मोदी विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ से डरे हुए हैं। पासपोर्ट से आधार कार्ड पर तक इंडिया लिखा है।

‘नाम बदलने का अधिकार किसी के पास नहीं’

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के चीफ शरद पवार ने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि किसी के पास अधिकार नहीं है कि वो देश का नाम बदल सके। मुझे समझ में नहीं रहा है कि सत्ताधारी दल BJP ऐसा क्यों कर रही है।

BJP ने कांग्रेस पर किया पलटवार

इसके बाद BJP नेताओं ने भी कांग्रेस पर हमला किया। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट कर लिखा कि कांग्रेस को देश के सम्मान और गौरव से जुड़े हर विषय से इतनी आपत्ति क्यों है? भारत जोड़ो के नाम पर राजनीतिक यात्रा करने वालों को “भारत माता की जय” के उद्घोष से नफरत क्यों है? कांग्रेस के मन में न देश के प्रति सम्मान है, न देश के संविधान के प्रति और न ही संवैधानिक संस्थाओं के प्रति। उन्हें एक विशेष परिवार के गुणगान से मतलब है। कांग्रेस की देश विरोधी एवं संविधान विरोधी मंशा को पूरा देश जानता है।

Visited 175 times, 1 visit(s) today
शेयर करे
0
0

Leave a Reply

ऊपर